किन नेताओं की पैरवी से खुला सचिन, हरजीत और कन्हैया की किस्मत का पिटारा, पढें

कुणाल दरगन।
पिछले करीब नौ माह से लंबित भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा की घोषित हुई कार्यकारिणी में जिलाध्यक्ष पद के दावेदारों की रात करवट बदल बदल कर गुजरी। दरअसल कई दावेदारों के अरमान धाराशायी हो गए, उन्हें मन मसोस कर ही रहना पड़ा। हरिद्वार के हाथ से एक बार फिर जिलाध्यक्ष की कुर्सी निकल गई, पर दो स्थानीय युवा चेहरों को प्रदेश कार्यकारिणी में पदों से नवाजा गया। हां, कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक गुट से जुड़ा एक भी चेहरा भाजयुमो की कार्यकारिणी में नहीं दिखाई दिया, ये भी कहा जहा सकता है कि शायद मंत्री ने दिलचस्पी ही नहीं ली हो।
भाजयुमो की कार्यकारिणी में जिलाध्यक्ष पद पर हर किसी की निगाह गढ़ी हुई थी। हरिद्वार से युवा नेता कन्हैया खेवड़िया, पूर्व जिलाध्यक्ष हरजीत सिंह, नितिन चौहान, विक्रम भुल्लर प्रमुख दावेदार थे तो वहीं लक्सर से सचिन गुर्जर, रुड़की से मौजूदा जिलाध्यक्ष सागर गोयल दमखम ठोके हुए थे। पर बुधवार को दिन ढलने के बाद एकाएक जारी हुए लिस्ट ने हर किसी को चौकाकर रख डाला।


लक्सर के सचिन गुर्जर के सिर पर जिलाध्यक्ष का ताज सजा। माना जाता है कि जिला प्रभारी विनय रोहिला की कृपा से सचिन गददीनशीन हुए जबकि कन्हैया, हरजीत एवं सागर चौहान पिछड़ गए। हां हरजीत सिंह ने प्रदेश महामंत्री पद झपटकर अपनी ताकत का अहसास जरूर कराया, उसकी पैरोकारी संघ के बड़े पदाधिकारी डॉ हरीश कर रहे थे, यही नहीं कन्हैया को प्रदेश महामंत्री संगठन अजय कुमार की कृपा से प्रदेश उपाध्यक्ष का पद मिल ही गया। दूसरे प्रदेश उपाध्यक्ष बने नवीन पंत हरिद्वार की राजनीति का अनजान चेहरा है। चंडीगढ़ से शिक्षा पूरी कर लौटे नवीन पंत एबीवीपी में सक्रिय रहे है लिहाजा उन्हें उसी वजह से तवज्जो मिली।

————
कन्हैया को थी जिलाध्यक्ष की उम्मीद

हरिद्वार के युवा तुर्क और नगर निगम राजनीति में सक्रिय कन्हैया खेवड़िया को जिलाध्यक्ष पद या प्रदेश कार्यकारिणी में बड़े पद की उम्मीद थी। लेकिन उन्हें प्रदेश उपाध्यक्ष पद से ही संतोष करना पड़ा। कह सकते हैं कि जिले में सचिन गुज्जर उन पर भारी पड़े तो प्रदेश में हरजीत सिंह ने उन्हें हवा नहीं आने दी। हालांकि कार्यकारिणी की घोषणा होने के बाद कन्हैया के समर्थक ज्यादा खुश नहीं हैं, कुछ ने तो सोशल मीडिया पर भी हैरानी जताई है। माना जा रहा है कि हरिद्वार के एक स्थानीय कद्दावर नेता कन्हैया की राह में रोडा बने हैं।

Share News
error: Content is protected !!