Anita Shrama

पतियों के सम्मान में पत्नियां चुनावी मैदान में, इन पतियों की पत्नियां लड रही चुनाव


तनवीर अली।
नगर निकाय चुनाव में नेतागिरी कर रहे पतियों की इज्जत पत्नियों के हाथ में है। या यूं कहें महिला सीट होने के कारण पतियों ने अपनी राजनीति बचाने के लिए पत्नियों को चुनावी दंगल में दो—दो हाथ करने के लिए उतार दिया है। कहीं पतियों ने पत्नियों को जबरन मैदान में उतारा है तो कहीं पत्नियों की खुशामद कर उन्हें चुनाव लडने के लिए राजी किया गया है। हालांकि जीतने के बाद पत्नियां घर में चूल्हा चौका करती नजर आएंगी जबकि मेयर पति या पार्षद पति बनकर देव तुल्य जनता की ‘सेवा’ करने का काम पतियों के जिम्मे ही रहेगा। वहीं सवाल ये भी है कि जब नेताओं की पत्नियों को ही चुनावी मैदान में उतारना है तो फिर महिला प्रकोष्ठ और महिला कांग्रेस का क्या मतलब रह जाता है। महिलाओं की इन दोनों विंग को खत्म कर देना चाहिए।
सबसे पहले हरिद्वार मेयर सीट की बात करें तो कांग्रेस ने वरिष्ठ नेता अशोक शर्मा की पत्नी अनीता शर्मा पर दांव खेला है। हालांकि अनीता शर्मा पूर्व में भी पार्षद रह चुकी है। लेकिन पार्षद रहते हुए भी उनका सारा काम काज अशोक शर्मा ही देखते रहे हैं। यही कारण है कि पार्षद होने का अनुभव होने के बाद भी राजनीतिक रूप से अनीता शर्मा उतनी सक्रिय नहीं रही। जितना महिला कांग्रेस की दूसरी नेत्रियां रहती है। अनीता शर्मा को जीत मिलती है तो अशोक शर्मा से ही सारा काम संभालेंगे और अनीता शर्मा उनके दिशा निर्देश पाकर ही अपनी जिम्मेदारियों को ​निभाएंगी। इसी तरह ऋषिकेष नगर निगम की बात करें तो यहां वीणा दीप शर्मा चुनाव मैदान में है। वीणा शर्मा के पति दीप शर्मा तीन बार से ऋषिकेश के नगर पालिका अध्यक्ष रह चुके हैं। इस बार महिला सीट होने के कारण उन्होंने अपनी पत्नी वीणा शर्मा को निर्दलीय ही चुनाव मैदान में उतारा है। यही नहीं दीप शर्मा खुद भी पार्षद का चुनाव लड रहे हैं।
वार्ड पार्षद की बात करें तो महिला सीटों पर अधिकतर पतियों ने अपनी पत्नियों को चुनाव लडवाया है। जबकि जिन सीटों पर नेताओं की पत्नियां नहीं थी वहां नेताओं ने अपनी माताओं को चुनाव मैदान में उतारा है। हरिद्वार नगर निगम के वार्ड नंबर दो भूपतवाला से सुनीता शर्मा भाजपा युवा मोर्चे के नेता विदित शर्मा की मम्मी है। वार्ड सात से भाजपा उम्मीदवार श्रुति शर्मा भाजपा नेता कन्हैया खेवडिया की पत्नी है। गउ घाट से वंदना शर्मा, मायापुर से किरन जैसल, टिबडी से विमला देवी, गोविंदपुरी से शालिनी, खन्ना नगर से मोनिका सैनी को भी इसलिए टिकट दिया गया है क्योंकि इनके पति भाजपा में नेता है। इसके अलावा आचार्यान से ऐकता गुप्ता, अंबेडकर नगर से निशा पुंडीर, कडच्छ से लक्ष्मी देवी, तेलियान से लाजवंदी गिहार, मेहतान से अन्नु मेहता, बाल्मिकी बस्ती से मीनू, नील खुदाना से गीता, पांडेवाला से कलावती नेगी, घोसियान से सुल्ताना बेगम आदि को भी भाजपा ने भाजपा नेताओं की पत्नी या रिश्तेदार होने के नाते ही टिकट दिया है।

IMG 20181024 131436 3
ward members candidates of BJP

जबकि कांग्रेस में बात करें तो वार्ड दो से प्रियंका अग्रवाल कांग्रेस नेता हनी अग्रवाल की पत्नी है। शिवलोक से अनीता गुप्ता, टिबडी से बीना जाटव, मायापुर से मेघा रानी, गोविंदपुरी से आशा सारस्वत, लाल मंदिर से कमलेश शर्मा, रामनगर से गीता, मेहतान से नीरू गर्ग, बाल्मिकी बस्ती से दीपिका बहादुर, नीलखुदाना से खुर्शीदा, लकडहारान से मीनाक्षी, मैदानियान से नीलोफर अंसारी और घोसियान से नसरीन को भी नेताओं की पत्नी होने के नाते ही टिकट दिया गया है। जबकि खन्ना नगर से रमा टंडन कांग्रेस नेता दीपक टंउन की मां है। जबकि मंजू गर्ग पार्षद अमन गर्ग की मां है। वहीं आचार्यान से नेहा शर्मा पार्षद पद की उम्मीदवार अनीता शर्मा की बेटी है। वार्ड 35 कडच्छ से कांग्रेस नेता दिनेश पुंडीर की सास कमलेश को कांग्रेस ने टिकट दिया है। भाजपा और कांग्रेस की महिला सीटों पर उम्मीदवारों के चयन से साफ है कि कांग्रेस और भाजपा में महिला नेत्रियों को दरकिनार किया गया है और महिला नेत्रियों की क्षमता पर भी सवाल खडे करता है। जब तक नेताओं की पत्नियों या अन्य रिश्तेदारों को महिला सुरक्षित सीट पर लडाया जाएगा तब तक ना तो महिलाओं को सम्मान ही मिल पाएगा और ना ही पार्टी के लिए काम करने वाली महिला नेत्रियों का कुछ हो पाएगा।कांग्रेस के महानगर अध्यक्ष संजय अग्रवाल ने बताया कि महिला कांग्रेस से आने वाली नेत्रियों को चुनाव लडने के लिए कहा गया था। लेकिन बाद में उम्मीदवार ना मिलने पर नेताओं पत्नियों या अन्य रिश्तेदारों को टिकट दिया गया। वहीं भाजपा के महामंत्री विकास तिवारी ने बताया कि हमने अधिकतर टिकट महिला प्रकोष्ठ से दिए हैं। यही नहीं हमारी मेयर प्रत्याशी अन्नू कक्कड संगठन से आई है। जबकि कांग्रेस ने तो सिर्फ पत्नियों को ही मैदान में उतार दिया है।

Upendra Shrama

Share News