203593

रक्तरंजित भूमि: बनेगा हिंदूवादी संगठन का कार्यालय, बाकी पर कुख्यात का गुर्गा काटेगा कॉलोनी!


कुणाल दरगन।
हरिद्वार दिल्ली हाईवे से चंद कदम की दूरी पर ​स्थित बेशकीमती जमीन पर अब जल्द ही एक प्रमुख हिंदूवादी संगठन का कार्यालय बनने जा रहा है। कुल 16 बीघा भूमि में से आठ बीघा भूमि पर संगठन का विशाल कार्यालय बनने के लिए प्रयोग होगा। वहीं ये भी बताया जा रहा है कि बाकी की आठ बीघा भूमि पर यूपी की जेल में बंद एक कुख्यात का गुर्गा प्रोपर्टी डीलर कॉलोनी काटेगा। वहीं इस भूमि के लिए अभी तक हरिद्वार के दो व्यापारियों की हत्या की जा चुकी है। जबकि एक प्रोपर्टी डीलर पर कई बार जानलेवा हमले हो चुके हैं।
लेकिन सबसे बड़ा सवाल ये है ​कि इस भूमि पर यूपी के लिए कुख्यात की नजर बरसों से थी और जिसके कारण उसने दो हत्याओं को भी अंजाम दिया, वो संगठन के कार्यालय बनने और बाकी भूमि के निपटारे के लिए राजी कैसे हो गया, इसको लेकर भी तमाम तरह की चर्चाएं जोरों पर हैं।
गौरतलब है कि कनखल क्षेत्र की 16 बीघा भूमि का इतिहास रक्तरंजित रहा है। इस भूमि पर वेस्ट यूपी के कुख्यात सुशील मूंछ एवं कुख्यात संजीव माहेश्वरी उर्फ जीवा आमने सामने रहे हैं। दोनों गैंगस्टर मुजफ्फरनगर जिले से ही ताल्लुक रखते है। वर्ष 2006 में श्रवणनाथनगर में ट्रेवल्स व्यवसाई चौधरी हरवीर​ सिंह की घर के बाहर ही गोलियों से भूनकर हत्या कर दी गई थी। वे भी इस भूमि के पैरवी से जुड़े थे। उस वक्त एसटीएफ ने हाईप्रोफाइल हत्याकांड का पटाक्षेप करते हुए कुख्यात जीवा को हत्याकांड का मुख्य साजिशकर्ता बताया था।
इस भूमि को लेकर पैरवी कर रहे प्रॉपर्टी डीलर सुभाष सैनी पर भी कुम्हारगढ़ा में उसके घर घुसकर गोलियां बरसाई गई थी, पर उनकी जान बाल बाल बच गई थी। कातिलाना हमला भी कुख्यात जीवा के ही इशारे पर ही हुआ था। वर्ष 2017 में निर्मला छावनी में प्रॉपर्टी डीलर सुभाष सैनी को कत्ल कर देने की फिल्डिंग लगाई गई थी लेकिन जीवा के शूटरों ने सैनी के हुलिये के फेर में बेगुनाह कंबल व्यवसाई अमित दीक्षित उर्फ गोल्डी की हत्या कर दी थी।
कुल मिलाकर इस 16 बीघा विवादित भूमि का प्रकरण सुलझ नहीं सका था। लेकिन अब इस 16 में से आठ बीघा भूमि को लेकर चौकाने वाली बात सामने आई है। बताया जा रहा है कि आठ बीघा में प्रमुख हिंदूवादी संगठन का कार्यालय बनने जा रहा है, आगे की आठ बीघा भूमि पर प्रॉपर्टी डीलर सुभाष सैनी अपने स्वामित्व का दावा करते है और पीछे की भूमि का कोई रास्ता ना होने के कारण इसका रास्ता आगे से ही दिया जाएगा। रक्तरंजित भूमि का प्रकरण एकाएक कैसे सुलझ गया, इस लेकर अलग अलग कयास लगाए जा रहे है। भूमि को लेकर सुर्खियों में रहा कुख्यात संजीव माहेश्वरी उर्फ जीवा इन दिनों यूपी की जेल में कैद है और यूपी में भाजपा की सरकार है। ऐसे में प्रमुख हिंदूवादी संगठन का कार्यालय बनने के बाद सवाल उठना लाजिमी है।

——————————
राठी का गुर्गा प्रॉपर्टी डीलर करेगा प्लाटिंग!
चर्चा है कि इस पूरे प्रकरण में कनखल के एक विवादित प्रॉपर्टी डीलर की भी भूमिका भी छिपी है। संभवत उसने दूसरे प्रॉपर्टी डीलर से हाथ मिला लिया है। विवादित प्रॉपर्टी डीलर कुख्यात सुनील राठी से जुड़ा हुआ बताया जाता है। चर्चाएं है कि जल्द ही आठ बीघा भूमि पर प्लाटिंग होनी है।

——————
प्रोपर्टी डीलर सुभाष सैनी ने बताया कि मेरा विवाद आठ बीघा भूमि को लेकर था। अब विवाद सुलट गया है। ​जहां संगठन का कार्यालय बनने जा रहा है, उस भू​मि तक पहुंचने के लिए रास्ता नहीं है। मेरी आठ बीघा भूमि के पीछे ही वह भूमि है।

Share News