अतीक साबरी:-
पिरान कलियर। क्षेत्र के वार्ड नंबर 04 में लंबे समय से लंबित जलभराव और निकासी की समस्या के स्थायी समाधान हेतु नगर पंचायत ने ऐतिहासिक कदम उठाया है। पिरान कलियर नगर पंचायत प्रशासन द्वारा वार्ड में करीब 25 लाख रुपये की लागत से 260 मीटर लंबे भव्य आरसीसी नाले का निर्माण कार्य पूरी तेजी के साथ शुरू कर दिया गया है।
इस आधुनिक नाले के निर्माण से क्षेत्र की हजारों की आबादी को बरसात और सामान्य दिनों में होने वाले भीषण जलभराव से हमेशा के लिए निजात मिल जाएगी। नाले का निर्माण गुणवत्ता के साथ सुनिश्चित किया जा रहा है ताकि भविष्य में जल निकासी को लेकर कोई अवरोध पैदा न हो। इस परियोजना के धरातल पर उतरने से स्थानीय निवासियों में हर्ष का माहौल है, क्योंकि जलभराव के कारण होने वाली गंदगी और बीमारियों के खतरे से अब छुटकारा मिलना तय है।
इस महत्वपूर्ण विकास कार्य के संबंध में अधिशाषी अधिकारी कुलदीप ने कड़े निर्देश देते हुए कहा कि नगर पंचायत क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार हमारी प्राथमिकता है। वार्ड 04 में नाले का निर्माण कार्य उच्च गुणवत्ता के मानकों के अनुरूप कराया जा रहा है ताकि जल निकासी की समस्या का पूर्णतः निस्तारण हो सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और समय सीमा के भीतर इस कार्य को पूरा कर जनता को समर्पित कर दिया जाएगा।
वहीं, चेयरमैन प्रतिनिधि सलीम ने कहा कि क्षेत्र के विकास और जन-जन की समस्याओं को दूर करने के लिए हम निरंतर संकल्पित हैं। यह नाला स्थानीय लोगों को बड़ी राहत प्रदान करेगा और इसी प्रकार नगर के अन्य वार्डों में भी जनहित के कार्य जारी रहेंगे।
निर्माण कार्य के शुभारंभ के दौरान मुख्य रूप से, दानिश मलिक, तसव्वर डायरेक्टर, मौसम मास्टर जी, शफकत, हनीफ, रहिस, इसरार शरीफ, रोशन अली और राशिद अली सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। स्थानीय नागरिकों ने इस कार्य की सराहना करते हुए कहा कि लंबे समय बाद क्षेत्र की इस बड़ी समस्या पर ध्यान दिया गया है, जिससे अब आवागमन सुगम होगा और क्षेत्र में स्वच्छता बनी रहेगी।