(न्यूज़ 129):-पिरान कलियर।
थाना पिरान कलियर क्षेत्र के ग्राम शिवदासपुर उर्फ तेलीवाला में चोरों ने एक बंद मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये की चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर मकान की अलमारी का लॉक तोड़कर करीब 3 लाख 30 हजार रुपये की नकदी और सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर ले गए। चोरी हुई नकदी ग्राम देवता, शिव मंदिर और हनुमान मंदिर समितियों से संबंधित बताई जा रही है। घटना के बाद से पीड़ित परिवार में हड़कंप मचा हुआ है।

पीड़ित मोनू उर्फ भगत पुत्र भोपाल सिंह निवासी शिवदासपुर उर्फ तेलीवाला के मुताबिक, 24 नवंबर को सुबह करीब 8:30 बजे वह धनौरी स्थित एक कॉलेज में ड्यूटी पर चले गए थे। दोपहर में परिवार के अन्य सदस्य भी रिश्तेदारी में गृह प्रवेश और जन्मदिन समारोह में शामिल होने के लिए घर से चले गए। इसी दौरान घर को खाली पाकर अज्ञात चोरों ने वारदात को अंजाम दे दिया।पीड़ित के अनुसार, दोपहर करीब तीन बजे परिवार के सदस्य घर लौटे तो अलमारी का लॉक टूटा मिला। जांच करने पर उसमें रखी करीब 3 लाख 30 हजार रुपये की नकदी, सोने की अंगूठी और सोने की चेन में लगा लॉकेट गायब मिला। अगले दिन सुबह अलमारी की दोबारा जांच की गई तो दो सोने की अंगूठियां, चांदी की दो जोड़ी पायल और चांदी की दो जोड़ी पायजेब भी गायब मिलीं।
मंदिर समितियों की जिम्मेदारी निभाते हैं पीड़ित पीड़ित मोनू उर्फ भगत ने बताया कि चोरी हुई 3 लाख 30 हजार रुपये की रकम उनकी निजी कमाई नहीं थी, बल्कि यह ग्राम देवता, शिव मंदिर और हनुमान मंदिर समितियों से जुड़ा सामूहिक धन था। वह इन समितियों के प्रमुख की जिम्मेदारी निभाते हैं और समितियों का पैसा उनके पास सुरक्षित रखा हुआ था। चोरी की इस घटना से धार्मिक समितियों से जुड़े लोगों की धनराशि भी प्रभावित हुई है।
पीड़ित ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने पर उन्होंने अपने साले के मोबाइल से आपातकालीन नंबर 112 पर पुलिस को सूचना दी थी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। अब 26 नवंबर को पीड़ित ने एसपी देहात हरिद्वार को प्रार्थना पत्र देकर मामले में थाना पिरान कलियर पुलिस को तत्काल मुकदमा दर्ज कर निष्पक्ष जांच के निर्देश देने की मांग की है। साथ ही चोरी गए नकदी और आभूषणों की बरामदगी तथा अज्ञात चोरों की पहचान कर गिरफ्तारी की गुहार लगाई है।
अब सवाल यह है कि दिनदहाड़े हुई इस चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले चोर कौन थे और आखिर कब तक पुलिस उनकी पहचान कर चोरी का खुलासा कर पाएगी। धनोरी चोकी प्रभारी महिपाल सैनी ने बताया की मामले की शिकायत मिली है उसके आधार पर सीसीटीवी कैमरे चैक कर मामले की जाँच की जा रही है!