News 129:-
बहादराबाद कोतवाली क्षेत्र में चोरों के हौसले किस कदर बुलंद हैं, इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि श्रद्धालुओं की आस्था के केंद्र हनुमान मंदिर को एक बार फिर अज्ञात चोरों ने निशाना बना लिया। बाजार चौकी से कुछ ही दूरी पर हुई चोरी की इस बड़ी वारदात ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।बताया जा रहा है कि अज्ञात चोर मंदिर में सेंध लगाकर दानपात्र में रखी करीब साढ़े तीन लाख रुपये की नकदी चोरी कर ले गए। इतना ही नहीं, चोर हनुमान जी के श्रृंगार में इस्तेमाल होने वाला करीब डेढ़ किलोग्राम चांदी का हार और पैरों के कड़े भी अपने साथ ले गए। चोरी की जानकारी मिलने के बाद मंदिर परिसर सहित आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया।
मंदिर के मुख्य पुजारी अमरनाथ शर्मा ने मामले की जानकारी बहादराबाद कोतवाली पुलिस को देते हुए लिखित तहरीर दी है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी।एक बार नहीं, पहले भी मंदिर को निशाना बना चुके हैं चोर स्थानीय लोगों के मुताबिक हनुमान मंदिर में चोरी की यह पहली वारदात नहीं है। इससे पहले भी चोर मंदिर में सेंध लगा चुके हैं।
खास बात यह है कि पिछली चोरी की घटना का खुलासा अभी तक नहीं हो पाया है। अब दोबारा मंदिर में लाखों की चोरी होने से श्रद्धालुओं और क्षेत्रवासियों में रोष बढ़ गया है।लोगों का कहना है कि यदि पुलिस चौकी के नजदीक स्थित धार्मिक स्थल भी चोरों से सुरक्षित नहीं हैं तो आम लोगों की सुरक्षा को लेकर सहज ही सवाल खड़े होते हैं।
लगातार दूसरी बार मंदिर को निशाना बनाए जाने से पुलिस की गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं।सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस, जल्द खुलासे की उम्मीदवारदात के बाद पुलिस ने मंदिर और आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि चोरी की वारदात को कितने लोगों ने अंजाम दिया और वे किस दिशा से आए तथा वारदात के बाद किस रास्ते से फरार हुए।
पुलिस संदिग्धों की पहचान और उनकी गतिविधियों की जानकारी जुटाने में लगी है। वहीं मंदिर के पुजारी और स्थानीय लोगों ने पुलिस अधिकारियों से मांग की है कि मंदिर में हुई दोनों चोरी की घटनाओं का जल्द खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाए और चोरी का सामान बरामद किया जाए।अब देखना यह होगा कि भगवान के घर में दूसरी बार तांडव मचाने वाले चोर पुलिस की पकड़ में कब आते हैं और पिछली चोरी की गुत्थी आखिर कब सुलझती है।