हरिद्वार में अतिक्रमण पर बड़ी कार्रवाई, 50 से अधिक अतिक्रमण हटाए
एनएसजी । नगर निगम हरिद्वार ने शहर में अतिक्रमण के खिलाफ विशेष अभियान चलाते हुए बुधवार को बिरला घाट और रोड़ी बेलवाला क्षेत्र में व्यापक कार्रवाई की। इस दौरान 50 से अधिक ठेलियों और अस्थायी अतिक्रमणों को हटाकर नष्ट किया गया।नगर निगम की टीम ने सार्वजनिक स्थानों पर किए गए अतिक्रमणों को चिन्हित कर तत्काल प्रभाव से हटाने की कार्रवाई की।
अभियान के दौरान कुछ लोगों द्वारा विरोध भी किया गया, लेकिन पुलिस बल की मौजूदगी में सख्ती बरतते हुए कार्रवाई जारी रखी गई।अभियान के साथ-साथ नगर आयुक्त आईएएस नंदन कुमार ने घाटों की सफाई व्यवस्था का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कर्मचारियों की उपस्थिति, मस्टरोल और अन्य अभिलेखों की गहन जांच की गई, ताकि कार्यों में पारदर्शिता और नियमितता सुनिश्चित की जा सके।
नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि शहर में कहीं भी अतिक्रमण पाए जाने पर इसी तरह सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।इस अभियान के दौरान नगर आयुक्त नन्दन कुमार स्वयं मौके पर मौजूद रहे। उनके साथ मुख्य सफाई निरीक्षक अर्जुन सिंह, श्रीकांत, प्रशिक्षु सफाई निरीक्षक, अतिक्रमण सहायक आदित्य तेश्वर सहित नगर निगम की टीम उपस्थित रही।