(News:-129)
पिरान कलियर। उत्कृष्ट कार्य, कर्तव्यनिष्ठा और समर्पण के लिए हरिद्वार पुलिस के 30 जवानों को मैन ऑफ द मंथ सम्मान से नवाजा गया। इनमें कलियर और सीआईयू रुड़की के तीन पुलिसकर्मी भी शामिल रहे। शुक्रवार को पुलिस मुख्यालय के कॉन्फ्रेंस हॉल में आयोजित सैनिक सम्मेलन में एसएसपी नवनीत सिंह ने पुलिसकर्मियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया।सैनिक सम्मेलन में जनपद के विभिन्न थानों, शाखाओं और कार्यालयों से पहुंचे पुलिसकर्मियों ने अपनी विभागीय एवं पारिवारिक समस्याएं एसएसपी के सामने रखीं।

एसएसपी ने समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए कई मामलों का मौके पर ही निस्तारण किया, जबकि अन्य समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए।एसएसपी ने पुलिसकर्मियों से उनकी कुशलक्षेम पूछते हुए कहा कि वे अपनी समस्याएं बिना किसी संकोच के खुलकर सामने रखें। पुलिसकर्मियों की जायज समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाएगा।
सम्मेलन के दौरान विभिन्न जटिल अपराधों के खुलासे, जनहित में उल्लेखनीय कार्य और ड्यूटी के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 30 पुलिसकर्मियों को मैन ऑफ द मंथ सम्मान प्रदान किया गया। वहीं तीन महिला पुलिसकर्मियों और एक महिला होमगार्ड को वुमेन ऑफ द मंथ सम्मान से नवाजा गया। सभी सम्मानित कर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर उनके कार्यों की सराहना की गई।कलियर और सीआईयू रुड़की के तीन जवानों को सम्मानसम्मानित होने वालों में सीआईयू रुड़की के अपर उपनिरीक्षक अश्वनी यादव, कोतवाली पिरान कलियर के अपर उपनिरीक्षक रामअवतार और पुलिस वाहन चालक कांस्टेबल नीरज राणा शामिल रहे। तीनों को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए मैन ऑफ द मंथ सम्मान दिया गया।

एसएसपी नवनीत सिंह ने सम्मानित पुलिसकर्मियों को शुभकामनाएं देते हुए भविष्य में भी पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ कर्तव्यों का निर्वहन करने की अपील की। सैनिक सम्मेलन में समस्याओं के समाधान के साथ उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को सम्मानित कर उनका मनोबल बढ़ाया गया।