हरिद्वार, चोरी का विरोध करने पर की थी बुजुर्ग सेवादार की हत्या, आरोपी गिरफ्तार

एनएसजी ​लक्सर। हरिद्वार पुलिस ने भोगपुर स्थित मंदिर में हुए बुजुर्ग सेवादार राजवीर की हत्या की गुत्थी को मात्र 48 घंटे के भीतर सुलझा लिया है। एसएसपी नवनीत सिंह के कुशल नेतृत्व और सटीक रणनीति के चलते पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से हत्या में प्रयुक्त हथियार और चोरी का सामान बरामद करने में सफलता हासिल की है।

​चोरी का विरोध करने पर उतारा मौत के घाट:-पुलिस पूछताछ में सनसनीखेज खुलासा हुआ कि आरोपी शराब का आदी है और 11 अप्रैल की रात चोरी के इरादे से मंदिर में दाखिल हुआ था। ताला तोड़ने के दौरान पास ही सो रहे बुजुर्ग सेवादार राजवीर की आंख खुल गई। खुद को घिरता देख और पकड़े जाने के डर से आरोपी ने अपने पास मौजूद हथौड़ी से बुजुर्ग के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हत्या के बाद आरोपी मंदिर से इन्वर्टर, एम्पलीफायर और चढ़ावे के पैसे लेकर फरार हो गया था।

​घेराबंदी कर दबोचा आरोपी:-घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल और सीओ लक्सर के निर्देशन में विशेष टीम का गठन किया गया था। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपी की लोकेशन ट्रेस की। बुधवार को जब आरोपी चोरी का सामान ठिकाने लगाने के लिए टांडा भागमल क्षेत्र में आया, तभी पुलिस ने उसे घेराबंदी कर दबोच लिया। आरोपी के कब्जे से कत्ल में इस्तेमाल हथौड़ी, पेचकस और चोरी किया गया इलेक्ट्रॉनिक सामान बरामद हुआ है।​

पुलिस टीम की हुई जमकर तारीफ:-बेहद कम समय में इस अंधे कत्ल का पर्दाफाश करने पर क्षेत्रीय जनता ने एसएसपी नवनीत सिंह और लक्सर कोतवाली पुलिस की कार्यशैली की सराहना की है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या और चोरी की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है।​

पुलिस टीम में मुख्य रूप से शामिल:सीओ देवेन्द्र सिंह नेगी, प्रभारी निरीक्षक प्रवीण सिंह कोश्यारी, व.उ.नि. नितिन चौहान, उ.नि. यशवीर सिंह नेगी व अन्य पुलिसकर्मी।