(News129)हरिद्वार शयामपुर :-
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शनिवार दिनांक 23 मई 2026 को थाना श्यामपुर पुलिस को मुखबिर के जरिए पुख्ता सूचना मिली कि ग्राम गाजीवाली क्षेत्र में कुछ युवक अपनी मोटरसाइकिलों और कारों के साथ लाठी-डंडों से लैस होकर जमा हुए हैं। यह युवक किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में आपस में गाली-गलौज, लड़ाई-झगड़ा और हुड़दंग कर रहे थे, जिससे स्थानीय जनता में भारी दहशत का माहौल बना हुआ था और क्षेत्र की कानून व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो रही थी। सूचना मिलते ही श्यामपुर पुलिस की टीम बिना वक्त गंवाए तत्काल मौके पर पहुंची और घेराबंदी करते हुए हुड़दंग मचा रहे पांचों युवकों को मौके से ही दबोच लिया।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी आरोपियों को धारा 170 बीएनएसएस (BNSS) के अंतर्गत हिरासत में ले लिया।पुलिस द्वारा की गई शुरुआती जांच और आरोपियों के सोशल मीडिया अकाउंट्स खंगालने पर कई चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं।
जांच में सामने आया कि ये सभी आरोपी अपने वाहनों पर ‘मकड़ा’ चिन्ह और विशेष पहचान कोड का प्रयोग कर एक संगठित गैंग के रूप में सक्रिय थे। सोशल मीडिया पर इनके द्वारा हथियारों और लाठी-डंडों के साथ बनाई गई कई आपत्तिजनक एवं भड़काऊ वीडियो भी मिली हैं, जिनके जरिए ये क्षेत्र के युवाओं में अपना खौफ पैदा करना चाहते थे। पुलिस ने पूरे गैंग को एक साथ हिरासत में लेकर उनकी गाड़ियों को भी कब्जे में ले लिया है।
पुलिस ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों की पहचान मोहित पुत्र राजकुमार, देव पुत्र संजीत, सन्नी पुत्र प्रमोद, परवेज पुत्र विद्या रत्न और योगेश शर्मा पुत्र मोहन शर्मा के रूप में हुई है। यह सभी आरोपी ग्राम कांगड़ी, थाना श्यामपुर, जनपद हरिद्वार के निवासी हैं। पुलिस टीम में अतिरिक्त उपनिरीक्षक रविंद्र गोड़, हेड कांस्टेबल विकास भट्ट, हेड कांस्टेबल बृजमोहन सिंह और हेड कांस्टेबल कुलदीप सिंह शामिल रहे।मामले की जानकारी देते हुए थाना प्रभारी श्यामपुर नितेश कुमार ने बताया कि क्षेत्र में किसी भी सूरत में कानून व्यवस्था को हाथ में लेने की इजाजत नहीं दी जाएगी।
‘मकड़ा गैंग’ के रूप में सक्रिय इन युवकों पर लंबे समय से नजर रखी जा रही थी। शनिवार को सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई कर इन्हें गिरफ्तार किया। थाना प्रभारी नितेश कुमार ने सख्त लहजे में चेतावनी देते हुए कहा कि थाना क्षेत्र में शांति व्यवस्था प्रभावित करने वाले और सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन कर दहशत फैलाने वाले ऐसे सभी गैंगों के सदस्यों का थाना स्तर पर एक विशेष रजिस्टर (हिस्ट्रीशीट की तर्ज पर) तैयार किया जा रहा है। इन सभी की गतिविधियों पर पुलिस की खुफिया टीमें 24 घंटे लगातार निगरानी रख रही हैं। भविष्य में भी यदि किसी ने क्षेत्र का माहौल बिगाड़ने या कानून व्यवस्था को चुनौती देने की कोशिश की, तो उसके खिलाफ गुंडा एक्ट और गैंगेस्टर जैसी कठोरतम कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने स्थानीय नवयुवकों और अभिभावकों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया के इस भटकाव से दूर रहें और पढ़ाई-लिखाई कर अपना करियर बनाने पर ध्यान केंद्रित करें।
