NSG:-NEWS 129
पिरान कलियर। लगातार हो रही बारिश के बीच दरगाह क्षेत्र में जाम पड़े नालों के कारण जलभराव की गंभीर स्थिति बन गई। बुलंद दरवाज़ा, फव्वारा चौक, हज हॉउस रोड, साबरी तालाब सहित कई स्थानों पर नाले पूरी तरह कचरे से पट गए, जिससे बारिश का पानी दरगाह क्षेत्र के अंदर तक पहुंच गया और स्थानीय लोगों व ज़ायरीन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

स्थिति बिगड़ती देख नगर पंचायत चेयरमैन समीना के भाई अब्दुल सत्तार तथा चेयरमैन के बेटे अलीम और रोहिल खुद बारिश के बीच मैदान में उतर आए। उन्होंने नगर पंचायत के सफाई कर्मचारियों को साथ लेकर जाम पड़े नालों की सफाई शुरू कराई। नालों पर लगी जालियां हटाई गईं, उनमें फंसा कूड़ा-कचरा निकाला गया और कई घंटों की मशक्कत के बाद पानी की निकासी सुचारु कराई गई। इसके बाद दरगाह क्षेत्र में भरा पानी तेजी से बाहर निकलने लगा और लोगों को काफी राहत मिली।

स्थानीय लोगों का कहना है कि मुश्किल समय में चेयरमैन परिवार के सदस्यों का स्वयं मौके पर पहुंचकर सफाई अभियान चलाना सराहनीय पहल रही। लोगों ने कहा कि अगर इसी तरह जनप्रतिनिधि मौके पर मौजूद रहें तो समस्याओं का समाधान तेजी से हो सकता है।हालांकि, इस पूरे घटनाक्रम ने नगर पंचायत की नियमित सफाई व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। लोगों का कहना है कि यदि बरसात से पहले नालों की समुचित सफाई कर दी जाती तो दरगाह क्षेत्र में जलभराव की नौबत ही नहीं आती। ऐसे में जरूरत इस बात की है कि केवल आपात स्थिति में नहीं, बल्कि नियमित रूप से नालों की सफाई कराई जाए ताकि हर बारिश में लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े।
फिलहाल, अब्दुल सत्तार, अलीम और रोहिल की सक्रियता से दरगाह क्षेत्र के जाम नाले खुल गए हैं और बारिश का पानी तेजी से निकलने लगा है। स्थानीय लोगों ने उनके इस प्रयास की सराहना करते हुए उम्मीद जताई कि भविष्य में भी क्षेत्र की समस्याओं के समाधान के लिए इसी तरह तत्परता दिखाई जाएगी।
हालांकि दरगाह प्रबंधन की और से नाला सफाई करते समय किसी प्रकार का कोई सहयोग नहीं मिला है, लोगो का कहना है की दरगाह प्रबंधन को भी समय रहते दरगाह क्षेत्र के सभी नालो को साफ क़र लेना चाहिए था, फिर भी नगर पंचायत द्वारा बारिश मे सभी नालो की सफाई व्यवस्था क़र पानी चालू कराया गया है!