News129:-रुड़की।
जिस घर में शादी की खुशियां मनाई जा रही थीं, वहां अचानक चीख-पुकार मच गई। साली की शादी में शामिल होने आए जीजा की सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसे ने शादी की खुशियों को मातम में बदल दिया। मृतक अपने पीछे चार मासूम बच्चों को छोड़ गया है। घटना के बाद से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
जानकारी के अनुसार, सहारनपुर जिले के मनिहाराम गांव निवासी सतीश पुत्र सक्कू अपनी साली निशा पुत्री चंद्रपाल की शादी में शामिल होने के लिए रुड़की गंगनहर कोतवाली क्षेत्र के सालियर गांव आए थे। शादी की रस्में पूरी होने के बाद विदाई की तैयारियां चल रही थीं। इसी दौरान सतीश किसी जरूरी सामान को लेने के लिए गांव के सामने हाईवे की ओर गए थे।
बताया गया कि इसी बीच रुड़की की तरफ से आ रही तेज रफ्तार कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने से सतीश गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। परिजन उन्हें आनन-फानन में रुड़की के सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।सतीश की मौत की खबर मिलते ही शादी वाले घर में खुशियों का माहौल पलभर में मातम में बदल गया।
जिस परिवार में कुछ देर पहले तक शादी की तैयारियां चल रही थीं, वहां अपनों के आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे थे। चार बच्चों के सिर से पिता का साया उठने की घटना ने हर किसी को भावुक कर दिया।उधर, हादसे के बाद कार चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। परिजनों ने मामले में तहरीर देकर आरोपी चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।