कलियर में मारपीट की दो घटनाओं में तीन युवक घायल, एक का कान काटा

न्यूज़ 129:-पिरान कलियर।

पिरान कलियर क्षेत्र में मारपीट की दो अलग-अलग घटनाओं से हड़कंप मच गया। महमूदपुर में गाली-गलौज का विरोध करने पर दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष हो गया, जिसमें धारदार हथियार से हमला कर एक युवक का कान काट दिया गया, जबकि दूसरे के सिर में चोट आई। वहीं, धनौरी क्षेत्र में केबल कंपनी से ड्यूटी कर लौट रहे कर्मचारी पर पांच लोगों ने हॉकी, लाठी-डंडों और सरियों से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। आरोप है कि मौके पर पहुंचे कर्मचारियों को देखकर हमलावर तमंचे से फायरिंग करते हुए फरार हो गए। दोनों मामलों में पुलिस ने आठ आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

महमूदपुर निवासी सलीम ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि 21 नवंबर की दोपहर कुछ लोग उसके घर के बाहर खड़े होकर उसके बेटे सोयब के बारे में गाली-गलौज कर रहे थे। विरोध करने पर आरोपियों ने मारपीट शुरू कर दी। बीच-बचाव करने पहुंचे समीर और अहतराम पर भी लाठी-डंडों और धारदार हथियार से हमला कर दिया। आरोप है कि हमले में समीर का कान कट गया, जबकि अहतराम के सिर में चोट आई।

इसके बाद आरोपियों ने घर पर ईंट-पत्थर फेंके और जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए।वहीं, मुजफ्फरनगर जिले के पुरकाजी थाना क्षेत्र के केलहनपुर गांव निवासी शिव कुमार ने पुलिस को बताया कि उनका बेटा कार्तिक धनौरी स्थित एक केबल कंपनी में काम करता है।

शुक्रवार शाम ड्यूटी खत्म कर लौटते समय कंपनी के बाहर पहले से घात लगाए बैठे पांच लोगों ने उसे घेरकर हॉकी और सरियों से हमला कर दिया। शोर सुनकर कंपनी के कर्मचारी मौके पर पहुंचे तो आरोपी तमंचे से फायरिंग करते हुए जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। घायल कार्तिक को कर्मचारियों ने अस्पताल पहुंचाया। पीड़ित पक्ष ने हमले के पीछे पुरानी रंजिश की आशंका जताई है।

कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी ने बताया कि महमूदपुर प्रकरण में आस मोहम्मद, आसिफ और मुबारिक तथा धनौरी प्रकरण में विकास, विनोद, वंश, आशु और तनीश के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। दोनों मामलों की जांच की जा रही है।