गोदाम का हिस्सा गिरने से किसान की फसल और खेत में कराया निर्माण क्षतिग्रस्त, मुआवजा मांगने पर धमकी देने का आरोप

News:-129पिरान कलियर।

कोतवाली पिरान कलियर क्षेत्र के बेडपुर गांव में गोदाम का हिस्सा गिरने से एक किसान की खड़ी फसल और खेत में कराया गया निर्माण क्षतिग्रस्त होने का मामला सामने आया है। पीड़ित किसान ने गोदाम मालिक पर नुकसान की भरपाई करने के बजाय गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। किसान ने मुख्यमंत्री पोर्टल, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट रुड़की, जिलाधिकारी हरिद्वार और कलियर पुलिस को शिकायत देकर मामले में निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की है।

बेडपुर निवासी किसान साजिद अली ने बताया कि वह खेतीबाड़ी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता है। उसके खेत के पास इमलीखेड़ा-भगवानपुर मार्ग पर इंतजार का गोदाम स्थित है। किसान के अनुसार, वर्ष 2022 में गोदाम का एक हिस्सा अचानक भरभराकर उसके खेत में गिर गया था। इससे खेत में कराया गया निर्माण क्षतिग्रस्त हो गया और खड़ी फसल भी बर्बाद हो गई।

पीड़ित का आरोप है कि उसने गोदाम मालिक से नुकसान की भरपाई करने और खेत में पड़ा मलबा हटवाने की मांग की, लेकिन उसकी बात नहीं सुनी गई। उल्टा मुआवजा मांगने पर उसके साथ गाली-गलौज की गई और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी गई। किसान का यह भी आरोप है कि गोदाम स्वामी एक संगठन का पदाधिकारी होने का रौब दिखाता है और फसल जलाने के साथ ही दोबारा नुकसान पहुंचाने की धमकी देता है।

पीड़ित ने पुलिस पर भी शिकायत के बावजूद कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाया है।किसान का कहना है कि धमकियों के चलते वह भयभीत है। उसने अधिकारियों से मामले की निष्पक्ष जांच कराकर नुकसान का मुआवजा दिलाने, खेत से गोदाम का मलबा हटवाने और आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की गुहार लगाई है।