NSG:-बरसाती नदी में नहाने गया 20 वर्षीय युवक लापता, गोताखोरों का सर्च ऑपरेशन जारी

NSG NEWS129 | भगवानपुर

भगवानपुर क्षेत्र के धीरमजरा गांव में गुरुवार को दर्दनाक हादसा हो गया। गांव का 20 वर्षीय युवक अपने दोस्तों के साथ बरसाती नदी में नहाने गया था, लेकिन नदी के तेज बहाव की चपेट में आने से वह देखते ही देखते लापता हो गया। घटना के बाद पूरे गांव में हड़कंप मच गया, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, धीरमजरा निवासी साहिब (20 वर्ष) अपने कई दोस्तों के साथ गांव के पास बह रही बरसाती नदी में नहाने गया था। लगातार हो रही बारिश के कारण नदी का जलस्तर काफी बढ़ा हुआ था और पानी का बहाव बेहद तेज था। नहाने के दौरान अचानक साहिब का संतुलन बिगड़ गया और वह तेज धारा में बह गया। उसके साथियों ने उसे बचाने की भरसक कोशिश की, लेकिन कुछ ही क्षणों में वह पानी की लहरों में ओझल हो गया।

साथियों के शोर मचाने पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तत्काल भगवानपुर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और स्थानीय प्रशासन की सहायता से गोताखोरों व रेस्क्यू टीम को मौके पर बुलाया गया।

फिलहाल गोताखोर नदी में लगातार सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं। कई घंटे की मशक्कत के बावजूद समाचार लिखे जाने तक युवक का कोई सुराग नहीं मिल सका है।

कोतवाली प्रभारी निरीक्षक रितेश शाह ने बताया कि नदी में युवक की तलाश लगातार जारी है। पुलिस और रेस्क्यू टीम हर संभव प्रयास कर रही है तथा मामले की जांच भी की जा रही है।

लगातार बारिश के चलते प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि तेज बहाव वाली नदियों और बरसाती जलधाराओं में नहाने या उतरने से बचें, क्योंकि थोड़ी सी लापरवाही जानलेवा साबित हो सकती है।