Haridwar  Murder News शहर  में बाबा की हत्या से सनसनी, क्या है कारण

 

एनएसजी :  धार्मिक नगरी हरिद्वार में एक 45 वर्षीय फक्कड़ बाबा की निर्मम हत्या का मामला सामने आया है, जिससे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। मृतक बाबा की फिलहाल शिनाख्त नहीं हो पाई है।

जानकारी के अनुसार, रोड़ी बेलवाला से पार्किंग की ओर जाने वाले मार्ग पर बाबा की झोपड़ी थी। स्थानीय लोगों ने झोपड़ी के पास संदिग्ध हालात में शव पड़े होने की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।

Haridwar  Murder News

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बाबा की हत्या सिर पर पत्थर से वार कर की गई है। घटनास्थल के आसपास से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।

गौरतलब है कि इससे कुछ समय पहले मोतीचूर क्षेत्र में भी एक फक्कड़ बाबा की हत्या का मामला सामने आया था, जिसमें पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया था। उस घटना में नशे की लत के चलते महज 1100 रुपये के लिए हत्या की वारदात को अंजाम दिया गया था।

लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से क्षेत्र में भय और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है। स्थानीय लोगों ने पुलिस से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

इस संबंध में नगर कोतवाल कुंदन सिंह राणा ने एनएसजी को बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और हत्यारोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।