नालियां चौक, सड़कों पर गंदा पानी और जगह-जगह कूड़े के ढेर, बदहाल सफाई व्यवस्था पर सभासद प्रतिनिधि गुलफाम साबरी का फूटा गुस्सा

News129:-पिरान कलियर

पिरान कलियर। नगर पंचायत पिरान कलियर की बदहाल सफाई व्यवस्था को लेकर सभासद प्रतिनिधि वार्ड नंबर-6 गुलफाम साबरी गंभीर नजर आए। उन्होंने नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी को पत्र देकर क्षेत्र में चोक पड़े नाले-नालियों की सफाई कराने और मक्खी-मच्छरों के बढ़ते प्रकोप को रोकने के लिए दवाई का छिड़काव कराने की मांग की है।

गुलफाम साबरी ने पत्रकारों से कहा कि नगर पंचायत क्षेत्र में चारों ओर नाले-नालियां चौक पड़ी हैं, जिसके कारण गंदा पानी सड़कों पर बह रहा है। जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे हुए हैं और लगातार बढ़ रहे मक्खी-मच्छरों के प्रकोप से बीमारी फैलने का खतरा बना हुआ है। उन्होंने कहा कि स्थानीय लोग लगातार सफाई व्यवस्था को लेकर शिकायत कर रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद समस्या पर गंभीरता से ध्यान नहीं दिया जा रहा है।

उन्होंने आरोप लगाया कि नगर पंचायत अध्यक्ष और अधिशासी अधिकारी समस्या से अवगत होने के बावजूद अंजान बने हुए हैं। सफाई व्यवस्था की अनदेखी से जायरीनों के साथ-साथ स्थानीय लोगों को भी परेशानी उठानी पड़ रही है।पत्र में उन्होंने नगर पंचायत प्रशासन से चोक नाले-नालियों की तत्काल सफाई, कूड़े के ढेर हटाने तथा पूरे क्षेत्र में कीटनाशक दवा का छिड़काव कराने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी कि समय रहते सफाई व्यवस्था दुरुस्त नहीं की गई तो गंदगी और मच्छरों के बढ़ते प्रकोप से स्थिति गंभीर हो सकती है।