Rishikesh News नोएडा का कारोबारी गंगा में कूदा, सुसाइड नोट में लिखा हरिद्वार के दो बड़े प्राॅपर्टी कारोबारियों के नाम, पत्नी ने कराया मुकदमा, छापेमारी, हड़कंप

जमीन की खरीद-फरोख्त और धनराशि के विवाद में मानसिक प्रताड़ना का आरोप, पांच पत्र छोड़कर आत्महत्या करने का दावा

Rishikesh News उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले के लक्ष्मणझूला क्षेत्र में स्थित गंगा भोगपुर तल्ला के पनाम्बी रिजॉर्ट एंड स्पा से जुड़े आत्महत्या के मामले में पुलिस ने हरिद्वार के प्रापर्टी कारोबारी रवि बजाज, गगन बत्रा समेत अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। मृतक की पत्नी विनीता गुप्ता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 108 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वही मामले में दोनों कारोबारियों की तलाश की जा रही है। कारोबारी नीरज गुप्ता ने गंगा में कूदकर मंगलवार को छलांग लगाई थी। हालांकि पुलिस को अभी नीरज गुप्ता की लाश नहीं मिली है।

पुलिस के अनुसार, ग्रेटर नोएडा स्थित एटीएस ग्रीन पैराडिसो निवासी विनीता गुप्ता पत्नी नीरज गुप्ता ने 27 अक्टूबर 2026 को इस संबंध में शिकायत दी थी। शिकायत के आधार पर कोतवाली लक्ष्मणझूला में मुकदमा दर्ज किया गया है।

जमीन और पैसों के विवाद में प्रताड़ना का आरोप

शिकायतकर्ता के मुताबिक, उनके पति नीरज गुप्ता गंगा भोगपुर तल्ला में पनाम्बी रिजॉर्ट एंड स्पा का संचालन करते थे। आरोप है कि जमीन की खरीद-फरोख्त और धनराशि से जुड़े विवाद को लेकर रवि बजाज और गगन बत्रा ने उनके पति को कथित रूप से मानसिक रूप से प्रताड़ित किया।

विनीता गुप्ता ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि इन परिस्थितियों के चलते उनके पति ने आत्महत्या कर ली। शिकायत के अनुसार, नीरज गुप्ता पांच पत्र छोड़कर गए थे। हालांकि, इन आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

पुलिस ने शुरू की मामले की जांच

लक्ष्मणझूला पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि प्रकरण से जुड़े तथ्यों और साक्ष्यों की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले साक्ष्यों के आधार पर नियमानुसार आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।