रुड़की। सोमवार सुबह शहर के व्यस्त गणेश चौक के पास उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक ने अचानक धारदार चाकू से अपनी गर्दन पर वार कर खुद को गंभीर रूप से घायल कर लिया। घटना तुलसी अस्पताल के आसपास की बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक रेलवे स्टेशन की ओर से पैदल गणेश चौक की तरफ आया था। कुछ देर बाद उसने अपने पास रखा चाकू निकाला और अचानक अपनी गर्दन पर वार कर लिया। युवक के घायल होकर सड़क पर गिरते ही आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया।
सूचना मिलते ही गंगनहर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। युवक की हालत गंभीर देखते हुए पुलिस ने तत्काल उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार चल रहा है।फिलहाल युवक की पहचान नहीं हो सकी है। उसने यह कदम क्यों उठाया, इसके पीछे क्या कारण रहा, पुलिस इसकी जांच कर रही है।
घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि युवक की पहचान और जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।