पिरान कलियर।रुड़की से हरिद्वार मार्ग पर स्थित कलियर कांवड़ पटरी पर आज एक भीषण सड़क हादसा हो गया। सूरज निवासी थिथकी (मंगलौर) अपनी बलेनो कार से हरिद्वार की ओर जा रहे थे, तभी अचानक संतुलन बिगड़ने से कार गंगनहर की सुरक्षा दीवार से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि नहर की सेफ्टी दीवार पूरी तरह जमींदोज हो गई और कार के परखच्चे उड़ गए। गनीमत रही कि कार नहर में गिरने से बाल-बाल बच गई, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
पुलिसकर्मियों ने संभाला मोर्चा:-,घटना की सूचना मिलते ही कलियर पुलिस के जवान जमशेद अली और ललित बिना समय गंवाए मौके पर पहुंचे। पुलिस टीम ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और घायल चालक को क्षतिग्रस्त कार से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया।
क्रेन की मदद से खुलवाया रास्ता:हादसे के बाद कांवड़ पटरी पर वाहनों का आवागमन बाधित हो गया था। पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए क्रेन को मौके पर बुलाया और कार को सड़क से हटाकर थाने पहुंचाया। जवानों की इस सक्रियता से कुछ ही देर में मार्ग को सुचारू कर दिया गया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और घायल का उपचार जारी है।
