सिडकुल पुलिस की बड़ी सफलता, वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश, 09 दोपहिया और बाइक के पार्ट्स बरामद

*news129*:*-हरिद्वार*

एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर जनपद में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के तहत सिडकुल पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने वाहन चोरी के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर चोरी की 09 मोटरसाइकिल और एक मोटरसाइकिल के पार्ट्स बरामद किए हैं। आरोपी अपने साथी के साथ मिलकर सिडकुल, रानीपुर और बहादराबाद क्षेत्र में वाहन चोरी की वारदातों को अंजाम देता था। चोरी के वाहनों को बंद पड़ी पुरानी खाद फैक्ट्री में झाड़ियों के बीच छिपाकर रखा जाता था।

पुलिस के अनुसार, 14 सितंबर को किरवी चौक पर चेकिंग के दौरान पॉलिटेक्निक की ओर से तेज रफ्तार में आ रहे बाइक सवार को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखकर संदिग्ध ने बाइक वापस मोड़कर भागने की कोशिश की, लेकिन अचानक बाइक का टायर फिसलने से वह गिर गया। पुलिस टीम ने तत्काल उसे दबोच लिया।पूछताछ और वाहन की जांच में सामने आया कि बरामद बाइक के संबंध में थाना सिडकुल में मुकदमा अपराध संख्या 388/2026 दर्ज है। इसके बाद आरोपी की निशानदेही पर बंद पड़ी पुरानी खाद फैक्ट्री के अंदर झाड़ियों में छिपाकर रखी गई आठ अन्य मोटरसाइकिल और एक मोटरसाइकिल के पार्ट्स बरामद किए गए।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी और उसका साथी सिडकुल, रानीपुर तथा बहादराबाद क्षेत्र को अपना निशाना बनाकर वाहन चोरी करते थे। गिरफ्तार आरोपी की पहचान श्रवण पुत्र रमेश, निवासी ग्राम दौलतपुर, थाना बहादराबाद, जनपद हरिद्वार, उम्र 30 वर्ष के रूप में हुई है।जांच में आरोपी के खिलाफ कोतवाली लक्सर में गैंगस्टर एक्ट सहित कई मुकदमे दर्ज होने की जानकारी सामने आई है।

इसके अलावा थाना डोईवाला, थाना बहादराबाद, थाना सिडकुल और थाना कलियर में भी उसके खिलाफ मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपी थाना देवबंद, सहारनपुर में भी गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे में चालानी है।बरामदगी के आधार पर आरोपी को थाना सिडकुल लाया गया और संबंधित मुकदमों में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई। पुलिस आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश करने की तैयारी कर रही है। वहीं, फरार चल रहे उसके साथी की तलाश में पुलिस टीम जुटी हुई है।

पुलिस टीम में थानाध्यक्ष अजय शाह, वरिष्ठ उपनिरीक्षक प्रवीण बिष्ट, अपर उपनिरीक्षक अनिल कुमार सैनी, हेड कांस्टेबल जितेन्द्र मलिक, संजय, सोहन राणा, कांस्टेबल प्रमोद गोस्वामी, रिपेन्द्र कैन्तुरा तथा होमगार्ड आफताब मलिक शामिल रहे।