आपरेशन प्रहार: मंगलौर के बदमाश को ​किया जिला बदर, छह महीने से पहले आया तो खैर नहीं

(News129)मंगलौर।

हरिद्वार पुलिस ने जिले में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत अपराधियों पर शिकंजा कसना तेज कर दिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) नवनीत सिंह के कड़े निर्देश पर कार्रवाई करते हुए मंगलौर पुलिस ने एक शातिर अपराधी ललित कुमार को 06 माह के लिए जिला बदर कर दिया है। पुलिस ने आरोपी को कड़ी हिदायत देते हुए जनपद मुजफ्फरनगर की सीमा में दाखिल करा दिया है।

​मजिस्ट्रेट के आदेश पर हुई कार्रवाई-कोतवाली मंगलौर पुलिस द्वारा क्षेत्र के अपराधियों के सत्यापन के दौरान ललित कुमार (पुत्र वेदराम उर्फ वेदपाल, निवासी लाठरदेवा हुण) को आदतन अपराधी के रूप में चिन्हित किया गया था। पुलिस की रिपोर्ट पर जिला मजिस्ट्रेट हरिद्वार ने आरोपी की गतिविधियों को समाज के लिए खतरा मानते हुए उसे 06 महीने तक जिले की सीमा से बाहर रहने का आदेश सुनाया।​

सीमा में दिखे तो होगी सीधे जेल-पुलिस ने आरोपी को स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि वह जिला बदर की अवधि (6 माह) के दौरान हरिद्वार की सीमा में पाया जाता है, तो उसके विरुद्ध ‘कंट्रोल ऑफ गुण्डा एक्ट’ की धारा 10 के तहत कार्रवाई की जाएगी। इस धारा के उल्लंघन पर आरोपी को 3 साल तक की कठोर जेल हो सकती है।​

दर्ज हैं आधा दर्जन मुकदमे-जिला बदर किए गए अपराधी ललित कुमार का पुराना आपराधिक इतिहास है। उसके खिलाफ मंगलौर, भगवानपुर और झबरेड़ा थानों में मारपीट, गाली-गलौज और शांति भंग करने की विभिन्न धाराओं (BNS) में कई मुकदमे दर्ज हैं।​

अन्य अपराधी भी पुलिस के रडार पर-पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अन्य गुंडा तत्वों के विरुद्ध भी रिपोर्ट जिला मजिस्ट्रेट को प्रेषित की जा चुकी है, जिन पर जल्द ही जिला बदर की गाज गिर सकती है। एसएसपी नवनीत सिंह ने अपराधियों को सख्त लहजे में कहा है कि या तो अपराध की राह छोड़ दें अन्यथा उन्हें सलाखों के पीछे या जिले से बाहर का रास्ता देखना पड़ेगा।