Haridwar Viral News होटल कारोबारी आत्महत्या मामले में गर्लफ्रेंड पर मुकदमा, कनखल का मामला

Haridwar Viral News

Haridwar Viral News कनखल थाना क्षेत्र में होटल कारोबारी विशाल पोखरियाल की आत्महत्या के मामले ने नया मोड़ ले लिया है। मृतक की बहन की शिकायत पर पुलिस ने विशाल की कथित गर्लफ्रेंड निकेश के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। परिवार ने युवती पर मानसिक प्रताड़ना और लगातार दबाव बनाने के गंभीर आरोप लगाए हैं।

जानकारी के अनुसार, होटल कारोबारी विशाल पोखरियाल ने तीन दिन पहले अपने आवास पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। घटना के बाद परिवार और स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया था। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा था।

मृतक की बहन का आरोप है कि विशाल पिछले कुछ महीनों से मानसिक तनाव में था और इसका मुख्य कारण मैनपुरी, उत्तर प्रदेश निवासी निकेश के साथ उसका संबंध था। परिजनों के मुताबिक निकेश लगातार विशाल पर मानसिक दबाव बना रही थी, जिससे वह बेहद परेशान रहने लगा था।

बताया जा रहा है कि निकेश पहले दिल्ली में रहती थी और करीब आठ महीने पहले विशाल के संपर्क में आई थी। दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं, लेकिन बाद में संबंधों में तनाव पैदा हो गया। परिवार का दावा है कि इसी तनाव के चलते विशाल अवसाद में चला गया था।

सूत्रों के अनुसार, निकेश ने भी पूर्व में आत्महत्या का प्रयास किया था। बताया जा रहा है कि उसने हाथ की नस काटकर खुदकुशी की कोशिश की थी, जिसके बाद उसका उपचार कराया गया था। अब पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है कि दोनों के बीच विवाद की वास्तविक वजह क्या थी।

कनखल पुलिस का कहना है कि परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है। पुलिस मोबाइल चैट, कॉल डिटेल और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की भी पड़ताल कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।