अपर मेला अधिकारी एवं नगर आयुक्त नंदन कुमार ने रोड़ीबेलवाला क्षेत्र और गंगा घाटों का किया स्थलीय निरीक्षण, सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने के दिए निर्देश*

हरिद्वार। अपर मेला अधिकारी एवं नगर आयुक्त नंदन कुमार (आईएएस) ने रोड़ीबेलवाला क्षेत्र और गंगा घाटों का स्थलीय निरीक्षण कर वहां चल रहे विकास एवं निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्यों में तेजी लाने के साथ ही गुणवत्ता के उच्च मानक बनाए रखने के सख्त निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने रोड़ीबेलवाला क्षेत्र में चल रहे विभिन्न निर्माण कार्यों का विस्तृत अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि सभी कार्यों का लगातार सुपरविजन किया जा रहा है।

निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा गुणवत्ता से समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि किसी ठेकेदार द्वारा कार्य में लापरवाही बरती जाती है या निर्धारित गुणवत्ता मानकों का पालन नहीं किया जाता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।उन्होंने कहा कि रोड़ीबेलवाला क्षेत्र मेला प्रबंधन की दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण है। इसके अलावा यह क्षेत्र हरकी पैड़ी तक पहुंचने वाले मार्ग को जोड़ने में भी अहम भूमिका निभाता है। ऐसे में यहां का विकास सुनियोजित तरीके से किया जाना आवश्यक है।

क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं के विकास, बेहतर मेला प्रबंधन, सौंदर्यीकरण और यातायात व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए सभी संबंधित कार्यों को आपसी समन्वय के साथ पूरा कराया जा रहा है।*तीनों पालियों में हो गंगा घाटों की सफाई*नगर आयुक्त ने गंगा घाटों पर सफाई व्यवस्था का भी निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि गंगा घाटों और रोड़ीबेलवाला क्षेत्र में विशेष सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। सफाई कार्य तीनों पालियों में नियमित रूप से संचालित किए जाएं तथा कूड़ा उठान के लिए प्रभावी व्यवस्था बनाई जाए, जिससे निर्धारित समय पर कूड़े का निस्तारण हो सके।

इस दौरान उन्होंने सफाई कार्य में जुटे पर्यावरण मित्रों से बातचीत कर उनकी समस्याओं और कार्य के दौरान आने वाली चुनौतियों की जानकारी भी ली। उन्होंने कहा कि पर्यावरण मित्रों की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जा रहा है। यदि किसी क्षेत्र में सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए अतिरिक्त पर्यावरण मित्रों की आवश्यकता होती है तो वहां अतिरिक्त कर्मचारियों की तैनाती की जाएगी।

*तीर्थयात्रियों को स्वच्छता के प्रति किया जाएगा जागरूक* नगर आयुक्त ने गंगा घाटों पर स्थानीय लोगों के साथ ही देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं और तीर्थयात्रियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने नगर निगम के अधिकारियों को घाटों पर पर्याप्त संख्या में डस्टबिन उपलब्ध कराने और उनके नियमित उपयोग के लिए जागरूकता अभियान चलाने को कहा।उन्होंने इस कार्य में सामाजिक एवं स्वयंसेवी संस्थाओं का सहयोग लेने तथा आपसी समन्वय से सफाई व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि गंगा घाटों की स्वच्छता बनाए रखना सामूहिक जिम्मेदारी है और इसके लिए प्रशासन के साथ आमजन की सहभागिता भी जरूरी है।

*शौचालयों में भी बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश*

नगर आयुक्त नंदन कुमार ने इसके साथ ही उन्होंने गंगा घाटों और आसपास के क्षेत्रों में स्थित सार्वजनिक शौचालयों की व्यवस्थाओं को भी बेहतर बनाने के निर्देश दिए, ताकि स्थानीय नागरिकों और बाहर से आने वाले तीर्थयात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि रोड़ीबेलवाला क्षेत्र के विकास कार्यों, मेला प्रबंधन, गंगा घाटों की स्वच्छता और श्रद्धालुओं को उपलब्ध कराई जाने वाली सुविधाओं पर लगातार निगरानी रखी जाए। सभी व्यवस्थाएं आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित की जाएं।