अंकिता भंडारी हत्याकांड : पुलकित आर्य के पिता ने अंकिता की चैट सार्वजनिक की, बोले कोई वीआईपी नहीं है, एसआईटी जांच पर उठाए सवाल, देखें वीडियो

चैट को जांच में शामिल करने की मांग, वीआईपी का जिक्र नहीं होने का किया दावा; अधिवक्ता ने भी एसआईटी जांच पर उठाए सवाल

हरिद्वार। उत्तराखंड के बहुचर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड में एक बार फिर नया विवाद सामने आया है। मामले में मुख्य दोषी पुलकित आर्य के पिता विनोद आर्य रविवार को पहली बार मीडिया के सामने आए। उन्होंने हरिद्वार प्रेस क्लब में अपने अधिवक्ता अमित पुंडीर के साथ पत्रकार वार्ता कर एसआईटी की जांच पर गंभीर सवाल उठाए। इस दौरान उन्होंने अंकिता भंडारी और उनके दोस्त व कथित बॉयफ्रेंड के साथ हुई बातचीत की चैट को जांच का हिस्सा बनाने की मांग की।

विनोद आर्य ने दावा किया कि उनके पास करीब चार हजार पन्नों की चैट मौजूद है, जो उन्हें वर्ष 2023 में न्यायालय से प्राप्त हुई थी। उनका आरोप है कि इतनी महत्वपूर्ण चैट को एसआईटी ने अपनी जांच में उचित तवज्जो नहीं दी। उन्होंने पत्रकारों के सामने कथित चैट के कुछ अंश भी प्रस्तुत किए और कहा कि इन बातचीत से मामले से जुड़े कई ऐसे पहलू सामने आते हैं, जिनकी जांच की जानी चाहिए थी।

चैट में वीआईपी का जिक्र नहीं होने का दावा

पत्रकार वार्ता के दौरान विनोद आर्य ने दावा किया कि उनके पास मौजूद चैट में किसी वीआईपी का कोई जिक्र नहीं है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब ये चैट जांच के दौरान उपलब्ध थीं तो एसआईटी ने इन्हें गंभीरता से क्यों नहीं लिया। उन्होंने आरोप लगाया कि जनता के दबाव में जांच के कुछ महत्वपूर्ण तथ्यों और पहलुओं को नजरअंदाज किया गया।

विनोद आर्य ने चैट के आधार पर अंकिता के पिता और उसके दोस्त पुष्प पर भी सवाल उठाए। उनका दावा है कि बातचीत से अंकिता को कथित रूप से प्रताड़ित किए जाने के संकेत मिलते हैं।

https://whatsapp.com/channel/0029Va8KiXr2kNFlYcq03U1c

अधिवक्ता ने भी एसआईटी जांच पर उठाए सवाल

पुलकित आर्य के अधिवक्ता अमित पुंडीर ने भी पत्रकार वार्ता में एसआईटी की जांच प्रक्रिया पर सवाल खड़े किए। उन्होंने जांच को त्रुटिपूर्ण बताते हुए कहा कि मामले में कई महत्वपूर्ण तथ्यों को जांच में शामिल नहीं किया गया।

https://whatsapp.com/channel/0029Va8KiXr2kNFlYcq03U1c

मीडिया के सामने आने की बताई वजह

विनोद आर्य ने कहा कि इस मामले को लेकर लगातार दबाव बनाया जा रहा है और कुछ पहलुओं को सामने नहीं आने दिया जा रहा है। उनका कहना था कि इसी वजह से उन्होंने मीडिया के सामने आकर अपना पक्ष रखने का निर्णय लिया। उन्होंने मांग की कि उनके पास मौजूद चैट और उससे जुड़े सभी तथ्यों की निष्पक्ष तरीके से जांच की जाए तथा इन्हें सीबीआई जांच में भी शामिल किया जाए।