–हरिद्वार,पुलिस के हत्थे चढ़ा सोशल मीडिया का बाज गैंग, सलाखों के पीछे पहुंचे गुर्गे
–सोशल मीडिया पर गैंग बनाकर फैला रहे थे दहशत; 2 नाबालिगों समेत 5 दबोचे, तमंचे और चाकू बरामद
एनएसजी:-हरिद्वार। हरिद्वार पुलिस ने ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत अपराधियों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए भेल फाउंड्री गेट के पास हुई फायरिंग की घटना का मात्र 8 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। रानीपुर पुलिस ने गैंगवार और वर्चस्व की लड़ाई में शामिल ‘बाज ‘ गैंग के 2 नाबालिगों सहित कुल 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से 2 अवैध तमंचे, जिंदा कारतूस और 3 चाकू बरामद किए हैं।
घटना 21 अप्रैल की रात की है, जब हन्नी और उसका दोस्त वंशु स्कूटी से सिडकुल की ओर जा रहे थे। फाउंड्री गेट के पास आरोपियों ने उन्हें रोककर गाली-गलौज की और जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी, जिसमें एक गोली वंशु के दाहिने हाथ में लगी और वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एसएसपी के निर्देश पर गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 22 अप्रैल की रात को आरोपियों को धीरवाली रोड स्थित भागोवाली मैदान से घेराबंदी कर दबोच लिया।पूछताछ में खुलासा हुआ कि पकड़े गए आरोपी इंस्टाग्राम पर ‘बाज ‘ नाम से एक गैंग चलाते हैं। इस गैंग का मकसद हथियारों के बल पर इलाके में अपना वर्चस्व कायम करना और लोगों को डराना-धमकाना है।
आरोपियों ने बताया कि वंशु ने पूर्व में इनके खिलाफ ज्वालापुर और हरिद्वार कोतवाली में दर्ज मुकदमों में गवाही दी थी, जिसका बदला लेने और अपना खौफ पैदा करने के लिए उन्होंने इस वारदात को अंजाम दिया। झगड़े के दौरान आरोपी फरमान, अनमोल और नितिश ने फायरिंग की थी।
गिरफ्तार आरोपियों में फरहान (18 वर्ष), अनमोल उर्फ धीरेंद्र बख्शी (24 वर्ष), सागर उर्फ पहाड़ी (22 वर्ष) और दो विधि विवादित किशोर शामिल हैं। मुख्य आरोपी अनमोल का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है, जिस पर आबकारी और बीएनएस की विभिन्न धाराओं में पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक मनोहर सिंह भण्डारी, उ0नि0 नन्दकिशोर ग्वाडी व अन्य कांस्टेबल शामिल रहे। पुलिस अब घटना में शामिल अन्य फरार आरोपियों नोमान कुरैशी, सत्यम, उमर गुर्जर और अन्य की तलाश कर रही है।
