न्यूज़:-129
पिरान कलियर। बॉलीवुड और फिल्म जगत से जुड़े हाजी शकील सैफी को कथित तौर पर फोन पर धमकी देकर फिरौती मांगने का मामला सामने आया है। दिल्ली के निहाल विहार, नांगलोई निवासी हाजी शकील सैफी दरगाह साबिर पाक में जियारत करने पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने कलियर कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।

हाजी शकील सैफी के मुताबिक, उन्हें अनिल पंडित के नाम से मोबाइल पर धमकी भरी कॉल आई थी। आरोप है कि फिरौती की रकम नहीं देने पर परिवार के एक सदस्य को नुकसान पहुंचाने की चेतावनी दी गई। इससे पहले चार नवंबर को दिल्ली के निहाल विहार थाने में भी इस मामले में मुकदमा दर्ज कराया गया था।फिल्म निर्माण से जुड़ी पहचान रखने वाले हाजी शकील सैफी वर्तमान में सामाजिक और व्यावसायिक गतिविधियों में भी सक्रिय हैं।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।वहीं, लॉरेंस बिश्नोई गैंग की ओर से धमकी दिए जाने को लेकर फिलहाल कोई आधिकारिक पुष्टि सामने नहीं आई है। ऐसे में धमकी के पीछे कौन है और इसके पीछे क्या वजह है, यह जांच का विषय है।
कोतवाली प्रभारी कमल मोहन भंडारी ने बताया कि हाजी शकील सैफी दरगाह में जियारत करने आए थे। उन्होंने फोन पर धमकी मिलने की जानकारी दी है। चार नवंबर को दिल्ली के निहाल विहार थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया है। तहरीर के आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।