ऊर्जा निगम व विजिलेंस की छापेमारी से मचा हड़कंप; धनौरी, मेहवड कला और इमलीखेड़ा में 43 घरों में पकड़ी गई बिजली चोरी,

अतीक साबरी=

​पिरान कलियर । ऊर्जा निगम और विजिलेंस की टीम ने बिजली चोरों के खिलाफ संयुक्त रूप से बड़ा अभियान चलाया है। धनौरी क्षेत्र के कोटा मुरादनगर, सोहलपुर और रांघडवाला गांवों में एक साथ हुई इस ताबड़तोड़ छापेमारी से पूरे इलाके के बिजली चोरों में हड़कंप मच गया। टीम ने इन अलग-अलग गांवों में कुल 23 घरों में सीधे कटिया डालकर बिजली चोरी करते हुए पकड़ा। ​

इसके साथ ही अभियान के तहत मेहवड कला और इमलीखेड़ा क्षेत्र में भी बिजली चोरी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई अमल में लाई गई। यहाँ एसडीओ अनीता सैनी और जेई गोपाल सिंह के नेतृत्व में चली चेकिंग के दौरान 20 लोगों को कटिया डालकर बिजली चोरी करते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया।

​विजिलेंस और ऊर्जा निगम की टीम ने सभी मामलों की रिपोर्ट मौके पर ही तैयार कर ली है। अधिकारियों के मुताबिक, धनौरी और इमलीखेड़ा-मेहवड कला क्षेत्र को मिलाकर कुल 43 आरोपियों के खिलाफ बिजली अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कराने की तैयारी कर ली गई है। साथ ही इन सभी पर भारी-भरकम जुर्माना भी लगाया जाएगा।

​मामले में एसडीओ अनीता सैनी ने बताया कि बिजली चोरी के खिलाफ विभाग पूरी तरह सख्त है। ग्रामीण और कस्बाई क्षेत्रों में चोरी की वजह से ईमानदार उपभोक्ताओं को लो-वोल्टेज और ट्रिपिंग की समस्या झेलनी पड़ती है। बिजली चोरी को रोकने के लिए यह अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेगा और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।

​वहीं धनौरी क्षेत्र में कार्रवाई के दौरान एसडीओ अश्वनी कुमार ने भी कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में चेकिंग अभियान लगातार चलाया जाएगा। इस पूरी कार्रवाई के दौरान इंस्पेक्टर मारूत शाह, इंस्पेक्टर सरिता भट्ट, एसआई संजीव त्यागी, एई विजिलेंस धन्नजय, एई विकास कुमार, एसडीओ अश्वनी कुमार, एसडीओ अनीता सैनी, जेई योगेन्द्र रावत और जेई गोपाल सिंह सहित ऊर्जा निगम व विजिलेंस की टीमें मौजूद रहीं।