हरिद्वार। एसएसपी के निर्देश पर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में सिडकुल पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने हाईवे पर चेकिंग के दौरान दो शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार किया है, जिनकी निशानदेही पर चोरी की पांच मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं। आरोपी चोरी की बाइकों को ठिकाने लगाने के लिए बिजनौर ले जाने की फिराक में थे।
डेन्सो चौक पर घेराबंदी कर दबोचा-सिडकुल थाना प्रभारी अजय शाह के नेतृत्व में पुलिस टीम गुरुवार को डेन्सो चौक पर संदिग्धों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक बाइक पर सवार दो युवक पुलिस को देखकर अचानक यू-टर्न लेकर भागने लगे। शक होने पर पुलिस टीम ने तत्परता दिखाई और घेराबंदी कर दोनों को दबोच लिया। सख्ती से पूछताछ की गई तो आरोपियों ने बाइक चोरी की बात कबूल ली।
मुंजाल शोवा के पीछे झाड़ियों में मिला ‘खजाना’पकड़े गए आरोपियों, दिशांत कुमार (बिजनौर) और तोसीन (मुजफ्फरनगर) ने बताया कि वे सिडकुल क्षेत्र की विभिन्न कॉलोनियों से रेकी कर बाइक उड़ाते थे। उन्होंने खुलासा किया कि चोरी की चार अन्य मोटरसाइकिलें उन्होंने मुंजाल शोवा कंपनी के पीछे सुनसान झाड़ियों में छिपाकर रखी हैं। पुलिस ने मौके पर जाकर सभी वाहन कब्जे में ले लिए।
बरामद बाइकों में से कुछ सिडकुल और रानीपुर थाने में दर्ज मुकदमों से जुड़ी पाई गई हैं।मिटा दिए थे इंजन नंबरशातिर चोरों ने पहचान छिपाने के लिए एक मोटरसाइकिल का इंजन और चेसिस नंबर तक घिस दिया था। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस गिरोह के तार और कहां-कहां जुड़े हैं।
पुलिस टीम में उपनिरीक्षक इंद्रजीत सिंह राणा, हेड कांस्टेबल संजय तोमर, सुनील कुमार और दीपक दानू शामिल रहे। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया है।
