63 बार अपना खून देकर सैकड़ों जिंदगियों की उम्मीद बने हेड कांस्टेबल सोनू चौधरी, खाकी की वर्दी में पेश की इंसानियत की मिसाल

(न्यूज 129 )पिरान कलियर।

खाकी वर्दी का रिश्ता सिर्फ कानून व्यवस्था संभालने और अपराधियों पर शिकंजा कसने तक सीमित नहीं है, बल्कि इसी वर्दी के पीछे कई ऐसे चेहरे भी हैं, जो इंसानियत की सेवा को अपना फर्ज समझते हैं। पिरान कलियर कोतवाली में तैनात हेड कांस्टेबल सोनू चौधरी ने अपने सेवाभाव से ऐसी ही एक मिसाल पेश की है। वह अब तक 63 बार रक्तदान कर जरूरतमंदों की जिंदगी बचाने में अपना योगदान दे चुके हैं।

सोनू चौधरी का यह रक्तदान सफर केवल एक आंकड़ा नहीं, बल्कि मानवता के प्रति उनके समर्पण और सेवा भावना की कहानी है। पुलिस की व्यस्त ड्यूटी और जिम्मेदारियों के बीच भी वह रक्तदान के लिए समय निकालते हैं। उनका मानना है कि किसी जरूरतमंद को समय पर खून मिल जाए तो इससे बड़ी सेवा कोई दूसरी नहीं हो सकती। रक्तदान के जरिए वह न जाने कितने जरूरतमंद परिवारों के चेहरों पर मुस्कान लाने का काम कर चुके हैं।उनकी इस सराहनीय पहल की कोतवाली में भी प्रशंसा हो रही है।

इंस्पेक्टर ने हेड कांस्टेबल सोनू चौधरी के सेवा कार्य की सराहना करते हुए उनकी पीठ थपथपाई। सोनू चौधरी ने 63वीं बार रक्तदान कर समाज को यह संदेश दिया है कि इंसानियत की सेवा के लिए किसी बड़े पद या पहचान की जरूरत नहीं होती, जरूरत होती है तो सिर्फ नेक इरादे और दूसरों के दर्द को समझने वाले दिल की।खाकी की जिम्मेदारी निभाने के साथ मानवता का फर्ज अदा कर रहे सोनू चौधरी आज उन लोगों के लिए प्रेरणा हैं, जो समाज के लिए कुछ अच्छा करने का जज्बा रखते हैं।