झबरेड़ा में ट्रक ने बाइक सवार दो दोस्तों को कुचला, मौके पर ही दर्दनाक मौत

​झबरेड़ा (News129):झबरेड़ा-इकबालपुर मार्ग पर गुरुवार की शाम उस वक्त चीख-पुकार मच गई, जब एक बेकाबू टाटा 407 ट्रक ने बाइक सवार दो दोस्तों को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और उस पर सवार दो नौजवानों की सांसें मौके पर ही थम गईं। देखते ही देखते सड़क खून से लाल हो गई और वहां राहगीरों का मजमा लग गया।​

घर वापसी की राह बनी आखिरी सफर-मिली जानकारी के मुताबिक, ग्राम बेहेडेकी सैदाबाद निवासी 22 वर्षीय गौरव पुत्र रोशन और उसका दोस्त 21 वर्षीय रितिक पुत्र माधव किसी काम से झबरेड़ा आए थे। शाम करीब 7 बजे जब दोनों अपनी बाइक से वापस घर लौट रहे थे, तभी साबतवाली गांव के गेट के पास सामने से मौत बनकर आ रहे टाटा 407 ट्रक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। झटके के साथ दोनों युवक सड़क पर गिरे और सिर में गंभीर चोट लगने के कारण कुछ ही पलों में उन्होंने दम तोड़ दिया।​

परिजनों में मचा कोहराम, गांव में मातमजैसे ही हादसे की खबर मृतकों के गांव बेहेडेकी सैदाबाद पहुंची, वहां सन्नाटा पसर गया। जिन पिताओं ने अपने बेटों के बेहतर भविष्य के सपने बुने थे, उनके सामने अब उनकी लाशें पड़ी थीं। परिजनों की चीखों से रुड़की सिविल अस्पताल का माहौल भी गमगीन हो गया। पूरे इलाके में इस हादसे के बाद शोक की लहर है।

​पुलिस ने ट्रक को घेरे में लिया-मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह तुरंत पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और परिजनों को सांत्वना दी जा रही है। ट्रक चालक की तलाश और कानूनी कार्रवाई जारी है।