सोमवती अमावस्या स्नान पर्व पर नगर आयुक्त ने परखी व्यवस्थाएं, घाटों से अतिक्रमण हटाने के निर्देश

हरिद्वार (न्यूज 129)।

सोमवती अमावस्या स्नान पर्व को लेकर नगर निगम प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए नगर आयुक्त नंदन कुमार ने सोमवार को शहर के विभिन्न गंगा घाटों और मेला क्षेत्र का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को घाटों पर विशेष सफाई व्यवस्था बनाए रखने तथा अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए।नगर आयुक्त ने रोड़ी बेलवाला, हाथी पुल, सुभाष घाट, नाई घाट, संजय पुल, घंटाघर, तिरछा पुल, सीसीआर घाट और शिव घाट सहित विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण किया। इसके अलावा उन्होंने अपर रोड का भी भ्रमण कर वहां की सफाई व्यवस्था और अतिक्रमण की स्थिति देखी।

उन्होंने संबंधित सफाई निरीक्षकों को निर्देशित किया कि स्नान पर्व के दौरान घाटों और प्रमुख मार्गों पर सफाई व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।नगर आयुक्त के निर्देशों पर नगर निगम की टीम ने मेला क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की। साथ ही गंगा घाटों और आसपास के क्षेत्रों में विशेष सफाई अभियान चलाकर व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखा गया।

श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को देखते हुए घाटों पर नगर निगम की पशु नियंत्रण टीम भी तैनात रही।निरीक्षण और व्यवस्थाओं के दौरान मुख्य सफाई निरीक्षक संजय शर्मा, सफाई निरीक्षक प्रशांत कुमार और धीरेंद्र सेमवाल सहित नगर निगम की टीम सक्रिय रही।