चार लाख की चरस के साथ नशा तस्कर गिरफ्तार, कार भी जब्त

कलियर (न्यूज 129)।

ऑपरेशन प्रहार एवं नशा मुक्त देवभूमि-2026 अभियान के तहत पिरान कलियर पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 1 किलो 222 ग्राम अवैध चरस बरामद की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब चार लाख रुपये बताई गई है। तस्करी में इस्तेमाल की जा रही रेनॉल्ट काइगर कार और एक मोबाइल फोन भी पुलिस ने जब्त किया है।

पुलिस के मुताबिक, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर जनपद में नशा तस्करी के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 9 नवंबर को कोतवाली प्रभारी कमल मोहन भंडारी के नेतृत्व में पुलिस टीम बेड़पुर चौक के समीप चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध कार को रोककर तलाशी ली गई तो उसमें सवार मोनू अली (26) पुत्र बारू निवासी खेड़ी शिकोहपुर, थाना भगवानपुर के कब्जे से 1 किलो 222 ग्राम चरस बरामद हुई।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अपने गांव और आसपास के गांवों में नशा करने वाले लोगों से थोड़ी-थोड़ी मात्रा में चरस एकत्र करता था और फिर कलियर क्षेत्र में उसे ऊंचे दामों पर बेचकर मुनाफा कमाता था। आरोपी ड्राइविंग का काम करता है और अपने निजी खर्चों की पूर्ति तथा अधिक पैसा कमाने के लालच में नशे के कारोबार से जुड़ गया।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कोतवाली पिरान कलियर में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20/60 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है। पुलिस उसके आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटा रही है।ये हुई बरामदगी: 1 किलो 222 ग्राम चरस, कीमत करीब चार लाख रुपये, तस्करी में प्रयुक्त रेनॉल्ट काइगर कार संख्या UK08BL3527 और ओप्पो एफ-27 प्रो मोबाइल फोन।

कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम: प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी, उपनिरीक्षक अमित नौटियाल, हेड कांस्टेबल सोनू कुमार, हेड कांस्टेबल इसरार अली और कांस्टेबल आविद अली शामिल रहे।