चुनाव आने वाले हैं : लक्सर में नहीं चाहिए बाहरी उम्मीदवार, स्थानीय भाजपा समर्थकों की बैठक, ओपी सहित कई बाहरी नेताओं को झटका

हरिद्वार जनपद की लक्सर विधानसभा सीट पर भाजपा से टिकट की मांग कर रहे बाहरी नेताओं को बड़ा झटका लगा है। सूत्रों के मुताबिक स्थानीय स्तर पर भाजपा नेताओं और उनके समर्थकों ने पिछले दिनों एक बैठक की है जिसमें ये फैसला लिया गया है कि भाजपा से दावेदारी कर रहे बाहरी नेताओं का खुलकर विरोध किया जाएगा।

इस संबंध में शुरुआती बैठक के बाद एक और बैठक कर जल्द ही सीनियर नेताओं से अपनी मंशा जाहिर की जाएगी। गौरतलब है कि हरिद्वार लक्सर विधानसभा सीट से हरिद्वार के होटल कारोबारी और भाजपा नेता ओम प्रकाश जमदग्नि दावेदारी कर रहे हैं। ओपी जोर-शोर से तैयारी में भी लगे हैं इसके अलावा प्रमोद खारी, अवतार सिंह भड़ाना सहित कई दूसरे नेता भी लक्सर विधानसभा सीट पर नजरें गड़ाए हुए हैं।

लेकिन स्थानीय स्तर के भाजपा नेताओं का तर्क है कि लक्सर विधानसभा सीट के स्थानीय नेताओं में से ही किसी एक को टिकट दिया जाना चाहिए। ताकि उसका लाभ पार्टी को मिल सके।

बाहरी उम्मीदवार को टिकट दिया जाएगा तो इसका भाजपा को नुकसान भी होगा और स्थानीय स्तर पर जो कार्यकर्ता हैं उनका मनोबल भी टूटेगा।

गौरतलब है कि हरिद्वार की लक्सर विधानसभा सीट से भाजपा के विधायक संजय गुप्ता थे लेकिन 2022 में बसपा के मोहम्मद शहजाद ने उन्हें एक नजदीकी मुकाबले में हरा दिया था। संजय गुप्ता ने तब भीतरघात के लिए भाजपा के तत्कालीन प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक पर आरोप लगाया था और इसके बाद वो मदन कौशिक की नगर विधानसभा सीट पर सक्रिय हो गए थे। कई साल नगर विधानसभा सीट पर सक्रिय होने के बाद एक बार फिर संजय गुप्ता वापस लक्सर विधानसभा सीट पर पहुंच गए हैं। और अपने पुराने जनाधार और समर्थकों से बातचीत कर रहे हैं।

इसके अलावा कई वरिष्ठ स्थानीय नेता लक्सर विधानसभा से तैयारी कर रहे हैं। लेकिन इस बीच ओम प्रकाश जमदग्नि सहित दूसरे बाहरी नेताओं ने अपनी गतिविधियां तेज़ कर दी है।

सोशल मीडिया से लेकर ज़मीनी स्तर पर वो दौरे कर रहे हैं और जनसमर्थन होने करने का दावा कर रहे हैं।

वरिष्ठ पत्रकार राजीव नामदेव बताते हैं कि जिस तरह से बाहरी नेताओं ने अपनी सक्रियता लक्सर में बढ़ाई है इससे स्थानीय नेताओं में असुरक्षा की भावना पैदा हो गई है। हालांकि भाजपा के इतर बसपा और कांग्रेस कई बार पैराशूट प्रत्याशी उतार चुकी है लेकिन मोहम्मद शहजाद को छोड़कर अधिकतर नाकाम ही रहे हैं। हालांकि मोहम्मद शहजाद लक्सर से पुराने वाकिफ रहे हैं और हरिद्वार जनपद से ही आते हैं।

बहराल भाजपा से दावेदारी कर रहे ओपी जमदग्नि सहित दूसरे नेताओं के लिए ये अच्छी खबर नहीं है। जनसमर्थन हासिल करने के अलावा स्थानीय स्तर पर भी संगठन में तालमेल बैठाने में पसीना बहाना पड़ेगा।