हरिद्वार में बेटियों का जलवा : जान्हवी तिवारी ने किया हरिद्वार टॉप, अंशिका, मान्या, पलाक्षी, कशिश, अपेक्षा ने भी किया नाम रोशन

हरिद्वार। सीबीएसई बारहवीं बोर्ड परीक्षा के घोषित परिणामों में इस बार हरिद्वार की बेटियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले का नाम रोशन किया है। शहर के कई प्रतिष्ठित स्कूलों में छात्राओं ने टॉप कर सफलता के नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं।

सबसे बड़ी उपलब्धि बीएमएल मुंजाल ग्रीन मीडोज स्कूल, रोशनाबाद की छात्रा जाह्नवी तिवारी ने हासिल की। जाह्नवी ने 98.8 प्रतिशत अंक प्राप्त कर पूरे हरिद्वार जिले में टॉप करने का गौरव प्राप्त किया। उनकी इस उपलब्धि से परिवार और स्कूल में खुशी का माहौल है।

वहीं दूसरे स्थान पर भी बीएमएल मुंजाल स्कूल की ही छात्रा अंशिका अर्चित रहीं, जिन्होंने 98.6 प्रतिशत अंक हासिल कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।

इसके अलावा डीपीएस रानीपुर की छात्रा मान्या चौहान ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए 98.6 प्रतिशत अंक प्राप्त किए। वहीं डीएवी प्रांगण की छात्रा पलाक्षी कुकरेजा ने 98.2 प्रतिशत अंक हासिल कर स्कूल और परिवार का नाम रोशन किया।

इस बार के परीक्षा परिणामों में खास बात यह रही कि अधिकतर स्कूलों में टॉप करने वाली छात्राएं रहीं। बेटियों की इस सफलता ने यह साबित कर दिया कि शिक्षा के क्षेत्र में लड़कियां लगातार नए मुकाम हासिल कर रही हैं।

स्कूल प्रबंधन, शिक्षकों और अभिभावकों ने सभी सफल छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

Maharishi Vidya Mandir की छात्रा मान्या वर्मा स्कूल टॉपर बनीं। मान्या ने कहा कि उनका सपना अफसर बनकर देश की सेवा करना है। वहीं स्कूल की छात्रा अपेक्षा ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए डॉक्टर बनकर देशसेवा का लक्ष्य बताया।

इसके अलावा Angels Academy School की छात्रा कशिश गौतम ने 98 प्रतिशत अंक हासिल कर स्कूल में टॉप किया।

छात्रों की इस उपलब्धि पर अभिभावकों और शिक्षकों ने खुशी जताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। स्कूल प्रबंधन ने सभी सफल विद्यार्थियों को सम्मानित करने की घोषणा की है।