एनएसजी, हरिद्वार। नौकरी के इंटरव्यू के लिए आए एक युवक का शव गंगा में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान यश ओझा (25) निवासी कौशाम्बी, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है, जो 9 अप्रैल से लापता बताया जा रहा था।जानकारी के अनुसार, यश ओझा हरिद्वार की एक निजी कंपनी में इंटरव्यू देने आया था। उसका शव ज्वालापुर स्थित रेगुलेटर पुल के पास गंगा नदी में बरामद हुआ।
पुलिस के मुताबिक, युवक को आखिरी बार नगर कोतवाली क्षेत्र के एक होटल में देखा गया था।नगर कोतवाल कुंदन सिंह राणा ने एनएसजी को बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों को सूचना दे दी गई थी, जिन्होंने मौके पर पहुंचकर शव की शिनाख्त कर ली है।
प्राथमिक जांच में यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि युवक गंगा में नहाते समय हादसे का शिकार हुआ या उसने खुद छलांग लगाई। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। साथ ही, परिजनों से भी विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है। घटना के बाद इलाके में चर्चा का माहौल है और पुलिस सच्चाई का पता लगाने में जुटी हुई है।