कलियर में हाथी की दस्तक से हड़कंप, वन विभाग अलर्ट

कलियर में फिर दिखा हाथी, वन विभाग ने सुरक्षित जंगल की ओर खदेड़ा,,

पिरान कलियर। कलियर क्षेत्र में करीब चार महीने की शांति के बाद एक बार फिर रिहायशी इलाके में हाथी की आमद से हड़कंप मच गया। आज सुबह कांवड़ पटरी पर बिजली घर और इमाम साहब के पास अचानक एक विशालकाय हाथी को टहलते हुए देखा गया, जिससे राहगीरों और स्थानीय निवासियों में अफरा-तफरी मच गई।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, यह वही हाथी है जो पहले भी इस क्षेत्र में आकर दहशत मचा चुका है। कुछ महीनों तक शांत रहने के बाद इसका दोबारा आबादी वाले क्षेत्र में आना चिंता का विषय बना हुआ है। ग्रामीणों ने डर जताते हुए कहा कि अगर समय रहते इसे दूर नहीं किया गया, तो कोई बड़ी दुर्घटना हो सकती है। ​घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम तुरंत हरकत में आई।

वन क्षेत्राधिकारी (रेंजर) शैलेंद्र सिंह नेगी के नेतृत्व में वन दरोगा इंदर सिंह, वन बीट अधिकारी अनुज कांबोज और सब्बू की टीम ने मौके पर मोर्चा संभाला। वन कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद हाथी को चारों तरफ से घेरकर आबादी से दूर सुरक्षित जंगलों की तरफ खदेड़ दिया।​ वन विभाग ने स्थानीय लोगों और राहगीरों को पूरी तरह सतर्क रहने की सलाह दी है।

प्रशासन ने सख्त हिदायत दी है कि हाथी दिखने पर उसके करीब न जाएं, न ही उसके साथ सेल्फी लेने या उसे उकसाने की कोशिश करें। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और वन विभाग की टीम इलाके पर लगातार नजर बनाए हुए है।