NSG:-news129
रुड़की। बुगावाला थाना क्षेत्र में देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में बीयर फैक्ट्री के चौकीदार को गोली मारने के मामले का आरोपी बदमाश घायल हो गया, जबकि उसका एक साथी फरार होने में सफल रहा। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में लगातार कॉम्बिंग अभियान चला रही है।
जानकारी के अनुसार थाना अध्यक्ष अंकुर शर्मा के नेतृत्व में बुगावाला पुलिस क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान उत्तर प्रदेश बॉर्डर की ओर से मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध युवक बंजारा वाला गांव की तरफ आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन दोनों बदमाश मौके से भाग निकले।पुलिस द्वारा पीछा किए जाने पर बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी फायरिंग की, जिसमें एक गोली लुकमान पुत्र निवासी गोकुलवाला, थाना बुगावाला के पैर में जा लगी।
घायल होने के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसका साथी गुलजार निवासी खेड़ी शिकोपुर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।पुलिस के अनुसार गिरफ्तार बदमाश लुकमान ने अपने साथियों के साथ मिलकर अमानत घर में बंद पड़ी बीयर फैक्ट्री के चौकीदार को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल किया था।
घटना के बाद से आरोपी फरार चल रहे थे।घायल बदमाश को उपचार के लिए रुड़की सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं पुलिस फरार आरोपी गुलजार की तलाश में लगातार दबिश और कॉम्बिंग अभियान चला रही है।