पिता दिलाते थे पत्नी को गिफ्ट और कपड़े, बेरोजगार था पति
Bulandshahr के खुर्जा जंक्शन थाना क्षेत्र के कलंदरगढ़ी गांव में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली वारदात सामने आई है। यहां एक युवक ने अपनी पत्नी और पिता की गोली मारकर हत्या कर दी। आरोपी युवक मुबीन को शक था कि उसकी पत्नी सना और उसके पिता रियाजुद्दीन के बीच अवैध संबंध हैं। इसी शक ने पूरे परिवार को तबाह कर दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि मामले में हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
पंचायत के बाद खूनी खेल
जानकारी के मुताबिक, कलंदरगढ़ी गांव निवासी मुबीन को लंबे समय से अपनी पत्नी सना (21) और पिता रियाजुद्दीन (50) के संबंधों पर शक था। इस बात को लेकर परिवार में लगातार विवाद हो रहा था। रविवार को मामला इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के परिवारों के बीच पंचायत बुलाई गई।
बताया जा रहा है कि पंचायत के दौरान भी मुबीन ने अपने पिता के साथ मारपीट की थी। रिश्तेदारों और गांव के लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। पंचायत खत्म होने के बाद रिश्तेदार अपने-अपने घर लौट गए, लेकिन घर के अंदर विवाद फिर बढ़ गया।
Double Murder Case
लाइसेंसी पिस्टल से की हत्या
पुलिस के अनुसार, गुस्से में आए मुबीन ने अपने पिता की लाइसेंसी पिस्टल उठाई और पहले पिता रियाजुद्दीन के सीने में गोली मार दी। इसके बाद उसने पत्नी सना के सिर में गोली दाग दी। गोली लगते ही दोनों गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े।
घटना के बाद मुबीन ने खुद ही डायल 112 पर फोन कर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों को अस्पताल पहुंचाया। रियाजुद्दीन की मौके पर ही मौत हो चुकी थी, जबकि सना को पहले स्थानीय अस्पताल और फिर हायर सेंटर रेफर किया गया। बाद में इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई।
नवजात बेटे को लेकर भी था विवाद
सना के पिता खलील अहमद ने पुलिस को दी तहरीर में कई गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि शादी के समय बताया गया था कि मुबीन नौकरी करता है, लेकिन वह बेरोजगार निकला। परिवार की जिम्मेदारियां और त्योहारों का खर्च अक्सर ससुर रियाजुद्दीन उठाते थे, जिससे मुबीन पत्नी पर शक करने लगा।
खलील अहमद के मुताबिक, 10 मई को सना ने बेटे को जन्म दिया था। 16 मई को अस्पताल से घर लौटने पर मुबीन ने नवजात अब्बास को अपना बेटा मानने से इनकार कर दिया। उसने पत्नी के चरित्र पर सवाल उठाए और अपने पिता से संबंध होने की बात कहकर विवाद बढ़ा दिया।

“मैंने दोनों को मार दिया”
तहरीर के अनुसार, रविवार को दोनों परिवारों के बीच बातचीत हुई थी। सुबह करीब 10 बजे सना का परिवार वापस अपने गांव लौट गया। इसके करीब दो घंटे बाद मुबीन ने खुद फोन कर खलील अहमद को बताया कि उसने सना और रियाजुद्दीन की गोली मारकर हत्या कर दी है।
सूचना मिलते ही परिजन खुर्जा पहुंचे, जहां अस्पताल में दोनों के शव पड़े मिले। पोस्टमार्टम के बाद देर रात पुलिस की मौजूदगी में दोनों का अंतिम संस्कार किया गया। रियाजुद्दीन को कलंदरगढ़ी गांव में और सना को उसके मायके भौरा गांव में सुपुर्द-ए-खाक किया गया।
पुलिस जांच जारी
Uttar Pradesh Police ने आरोपी मुबीन के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। हत्या में इस्तेमाल लाइसेंसी पिस्टल बरामद कर ली गई है। पुलिस ने घर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कब्जे में ली है और फोरेंसिक टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए हैं।
सीओ खुर्जा शोभित कुमार ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है और मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है। गांव में घटना के बाद से मातम और दहशत का माहौल बना हुआ है।
