​सार्वजनिक स्थानों पर जाम छलकाने वालों पर रुड़की पुलिस का ‘प्रहार’, 17 दबोचे

रुड़की। उत्तराखंड पुलिस मुख्यालय द्वारा अपराधियों और नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत कोतवाली रुड़की पुलिस ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के सख्त निर्देशों के अनुपालन में कोतवाली रुड़की पुलिस ने सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने और हुड़दंग मचाने वालों के खिलाफ सघन अभियान चलाया।​अभियान का नेतृत्व कर रहे वरिष्ठ उप निरीक्षक धर्मेंद्र राठी ने अपनी टीम के साथ क्षेत्र के विभिन्न संदिग्ध ठिकानों, पार्कों और सार्वजनिक स्थलों पर औचक छापेमारी की। इस दौरान पुलिस ने सरेआम शराब पीकर माहौल खराब कर रहे 17 व्यक्तियों को मौके से गिरफ्तार किया।

पुलिस की इस अचानक हुई कार्रवाई से क्षेत्र में नशा करने वालों और असामाजिक तत्वों में हड़कंप मच गया।​पुलिस ने पकड़े गए सभी 17 व्यक्तियों का पुलिस एक्ट के तहत चालान किया और उनसे मौके पर ही 8500 रुपये का संयोजन शुल्क वसूला। एसएसआई धर्मेंद्र राठी ने सख्त लहजे में चेतावनी देते हुए कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर नशाखोरी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

उन्होंने स्पष्ट किया कि जो भी व्यक्ति मर्यादा का उल्लंघन करेगा या आम जनमानस को परेशान करेगा, उसके विरुद्ध भविष्य में और भी कठोर कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। सभी आरोपियों को दोबारा ऐसी गलती न करने की हिदायत देकर छोड़ा गया।​

इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में एसएसआई धर्मेंद्र राठी के साथ हेड कांस्टेबल दिनेश गुप्ता, हेड कांस्टेबल प्रवीण कुमार, हेड कांस्टेबल वीरेश खत्री, कांस्टेबल गुलबहार, भूपेंद्र सिंह, प्रदीप भंडारी और अनूप शामिल रहे। पुलिस प्रशासन ने साफ किया है कि ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत यह चेकिंग अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा ताकि शहर की शांति व्यवस्था कायम रहे।