News129:-पिरान कलियर
कलियर। विश्व प्रसिद्ध दरगाह साबिर पाक में फर्जी ख़ादिमों पर लगाम कसने के दरगाह प्रशासन और शासन के तमाम दावे धरातल पर पूरी तरह खोखले साबित हो रहे हैं। तहसीलदार व दरगाह प्रबंधक विकास अवस्थी द्वारा फर्जी ख़ादिमों के खिलाफ कार्रवाई के जो निर्देश जारी किए गए थे, वे सिर्फ आदेशों की फाइलों तक ही सिमटकर रह गए हैं। ज़मीनी स्तर पर आज तक किसी भी फर्जी ख़ादिम पर कोई ठोस कार्रवाई देखने को नहीं मिली है।
ज़ायरीनों को झांसे में लेकर अवैध वसूली का खेल प्रशासन की इस ढिलाई का फायदा उठाकर फर्जी ख़ादिम दरगाह परिसर में लगातार बेखौफ घूम रहे हैं। ये लोग दूर-दराज और देश-विदेश से आने वाले भोले-भाले ज़ायरीनों को अपने झांसे में लेते हैं और उन्हें चादरपोशी व अन्य रस्मों के नाम पर दरगाह के भीतर ले जाते हैं। इसके बाद दान-पात्र में जाने वाले पैसों व चढ़ावे की राशि को यह फर्जी ख़ादिम अवैध रूप से अपनी जेबों में भर रहे हैं।
दरगाह कर्मचारियों की मौजूदगी में चल रहा पूरा खेल हाल ही में सामने आए एक वीडियो ने दरगाह की सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी तंत्र की पोल खोलकर रख दी है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि दरगाह कर्मचारी की मौजूदगी के बावजूद फर्जी ख़ादिम बेझिझक ज़ायरीनों से धार्मिक रस्में करा रहे हैं। इससे दरगाह प्रशासन की नीयत और कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं कि आखिर किसकी शह पर यह अवैध खेल चल रहा है।
श्रद्धालुओं में भारी आक्रोश, कठोर कार्रवाई की मांग अनधिकृत रूप से सक्रिय इन फर्जी ख़ादिमों के कारण आकीदतमंदों (श्रद्धालुओं) के बीच भारी भ्रम और आक्रोश का माहौल बना हुआ है। स्थानीय लोगों और जायरीनों ने मांग की है कि सिर्फ कागजी आदेश जारी करने के बजाय तहसीलदार व दरगाह प्रबंधक विकास अवस्थी धरातल पर सख्त कदम उठाएं, वीडियो में दिख रहे आरोपियों और कर्मचारियों को चिह्नित कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए।