कुंभ की तैयारियों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, रात में भी होंगे निर्माण कार्य: नगर आयुक्त

News:-129

हरिद्वार, 4 नवंबर। आगामी कुंभ मेले की तैयारियों को लेकर नगर निगम ने निर्माण एवं विकास कार्यों में तेजी लाने की कवायद तेज कर दी है। बुधवार को नगर आयुक्त नंदन कुमार ने रोड़ी बेलवाला, पंतदीप सहित विभिन्न क्षेत्रों में चल रहे निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों और कार्यदायी संस्थाओं को निर्धारित समयसीमा के भीतर सभी कार्य हर हाल में पूरे करने के सख्त निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लेने के साथ ही कुंभ मेले के दौरान सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए कॉम्पेक्टर और अन्य सफाई वाहनों के आवागमन एवं संचालन की संभावनाएं भी परखीं। उन्होंने कहा कि कुंभ मेले में करोड़ों श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए शहर की व्यवस्थाओं को समय रहते दुरुस्त करना प्राथमिकता है।

नगर आयुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जरूरत पड़ने पर दिन के साथ रात्रि में भी निर्माण कार्य कराया जाए, लेकिन सभी कार्य तय समयसीमा में पूरे होने चाहिए। उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष जोर देते हुए कहा कि निर्धारित मानकों से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं होना चाहिए।

इसके लिए नियमित निगरानी भी सुनिश्चित की जाए।उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माण कार्यों के साथ सफाई वाहनों के सुचारु संचालन और कूड़ा प्रबंधन की व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान दिया जाए, ताकि कुंभ मेले के दौरान हरिद्वार आने वाले श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुंदर और सुव्यवस्थित शहर मिल सके।