राष्ट्रीय धर्मशाला सुरक्षा समिति ने सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा ज्ञापन, शोभा शर्मा और उनके परिवार को सुरक्षा देने की मांग
हरिद्वार। राष्ट्रीय धर्मशाला सुरक्षा समिति ने मेरठ वाली धर्मशाला (चंदों देवी ट्रस्ट) की 3 अगस्त को कराई गई कथित अवैध रजिस्ट्री निरस्त करने की मांग उठाई है। इस संबंध में समिति ने सिटी मजिस्ट्रेट कार्यालय पर प्रदर्शन कर ज्ञापन सौंपा। समिति ने चेतावनी दी कि यदि तीन दिन के भीतर मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई नहीं की गई तो सिटी मजिस्ट्रेट कार्यालय पर विशाल धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
प्रदर्शन के दौरान समिति अध्यक्ष महेश गौड़ ने आरोप लगाया कि ताज होटल/प्रसाद हेरिटेज की ओर से मेरठ वाली धर्मशाला को मेरठ भवन दर्शाकर कथित रूप से अवैध रजिस्ट्री कराई गई है। उन्होंने कहा कि पिछले चार पीढ़ियों से धर्मशाला का प्रबंधन देख रही प्रबंधक शोभा शर्मा और उनके परिवार को लगातार प्रताड़ित किया जा रहा है। आरोप है कि पिछले डेढ़ महीने से कुछ लोगों को भेजकर उन्हें धमकाया जा रहा है और धर्मशाला खाली करने का दबाव बनाया जा रहा है। समिति ने कहा कि इस तरह का उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
समिति के महामंत्री विकास तिवारी ने आरोप लगाया कि वर्ष 1995 में भी धर्मशाला की खरीद-फरोख्त को लेकर विवाद हुआ था। उस समय धर्मशाला के तत्कालीन प्रबंधक और शोभा शर्मा के पति राम प्रकाश शर्मा, जो पत्रकार थे, का पहले अपहरण किया गया और चार दिन बाद उनकी हत्या कर दी गई थी। उनका शव धनौरी-कलियर के पास नहर में मिला था। इसके बाद से शोभा शर्मा धर्मशाला के प्रबंधन की जिम्मेदारी संभाल रही हैं।
विकास तिवारी ने आरोप लगाया कि अब धर्मशाला में कथित रूप से गार्ड तैनात कर दिए गए हैं और वहां ठहरे तीर्थयात्रियों को भी भयभीत किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि धर्मशाला से संबंधित मामला जिला न्यायालय और उच्च न्यायालय में विचाराधीन है। इसके बावजूद प्रबंधक शोभा शर्मा और उनके परिवार पर दबाव बनाया जा रहा है।
समिति के कोषाध्यक्ष शिवकुमार शर्मा ने प्रशासन को तीन दिन का अल्टीमेटम देते हुए मांग की कि संपत्ति को भवन दर्शाकर कराई गई रजिस्ट्री की निष्पक्ष जांच कराई जाए और अनियमितता पाए जाने पर रजिस्ट्री निरस्त की जाए। उन्होंने शोभा शर्मा और उनके परिवार को सुरक्षा उपलब्ध कराने की भी मांग की।
समिति ने चेतावनी दी कि निर्धारित समय में कार्रवाई नहीं होने पर सिटी मजिस्ट्रेट कार्यालय पर बड़ा आंदोलन किया जाएगा। ज्ञापन सौंपने वालों में संजय त्यागी, विजय भंडारी, योगी गणेश नाथ, रमेश कुमार मिड्ढा, स्वामी गणेश दास और धर्मशाला प्रबंधक शोभा शर्मा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।