लक्सर/हरिद्वार।लक्सर विधानसभा क्षेत्र से विधायक मोहम्मद शहजाद ने जिला शिक्षा अधिकारी (बेसिक) अमित चन्द के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। विधायक ने अधिकारी पर उनके नाम का गलत इस्तेमाल कर मदरसों के खिलाफ कार्रवाई संबंधी भ्रामक खबरें प्रकाशित करवाने का गंभीर आरोप लगाया है। इस मामले को लेकर मंगलवार को विधायक ने विधानसभा अध्यक्ष श्रीमती रितु खंडूरी से मुलाकात की और अधिकारी के विरुद्ध विशेषाधिकार हनन का नोटिस सौंपा।
बिना शिकायत नाम का इस्तेमाल करना साजिश: शहजादविधायक मोहम्मद शहजाद ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि उन्होंने कभी भी किसी मदरसे के खिलाफ कार्रवाई के लिए न तो कोई शिकायत की है और न ही किसी अधिकारी को इस संबंध में निर्देश दिए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि जिला शिक्षा अधिकारी ने कुछ समाचार पत्रों में सुनियोजित तरीके से उनके नाम का उल्लेख करवाया, जो उनकी राजनीतिक और सामाजिक छवि को बिगाड़ने का एक बड़ा प्रयास है। शहजाद ने इसे एक गहरी राजनीतिक साजिश करार देते हुए कहा कि एक विशेष दल के नेता के साथ मिलकर उन्हें बदनाम करने का खेल खेला गया है।
लोकतांत्रिक मर्यादाओं का उल्लंघन:-विधानसभा अध्यक्ष को सौंपे गए नोटिस में विधायक ने कहा कि एक जनप्रतिनिधि के नाम का बिना किसी तथ्य के इस्तेमाल करना और झूठी खबरें फैलाना लोकतांत्रिक मर्यादाओं के बिल्कुल खिलाफ है। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाओं से न केवल एक नेता की प्रतिष्ठा को ठेस पहुँचती है, बल्कि समाज में भी गलत संदेश जाता है।दोषियों पर कठोर कार्रवाई की मांगविधायक ने मांग की है कि इस पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराई जाए और जिला शिक्षा अधिकारी अमित चन्द सहित उन तमाम लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए जो इस साजिश में शामिल हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि वह हमेशा से शिक्षा के विस्तार और सामाजिक सद्भाव के पक्षधर रहे हैं।
उन्होंने साफ किया कि वह किसी भी समुदाय विशेष को निशाना बनाने वाली राजनीति में विश्वास नहीं रखते।अब देखना यह होगा कि विधानसभा अध्यक्ष इस गंभीर मामले पर क्या रुख अपनाती हैं और क्या जिला शिक्षा अधिकारी पर गाज गिरती है। फिलहाल, इस घटनाक्रम के बाद जनपद की राजनीति और प्रशासनिक गलियारों में हड़कंप मचा हुआ है।
