गंगा में नहाते समय युवक डूबा, शेफ का काम करता था होटल में,
एनएसजी ऋषिकेश: मस्तराम घाट के पास गंगा नदी में स्नान के दौरान एक युवक के डूबने से हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही SDRF टीम ने मौके पर पहुंचकर सर्च ऑपरेशन चलाया और युवक का शव बरामद कर लिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बुधवार दोपहर करीब 2:34 बजे थाना लक्ष्मण झूला को सूचना मिली कि मस्तराम घाट पर एक व्यक्ति गंगा में नहाते समय डूब गया है।
सूचना पर SDRF ढालवाला की टीम तत्काल रेस्क्यू उपकरणों के साथ घटनास्थल के लिए रवाना हुई।घटनास्थल पर पहुंचकर टीम ने तुरंत स्कूबा डाइविंग के जरिए सर्च ऑपरेशन शुरू किया। डीप डाइवर प्रदीप रावत ने लगभग 20 फीट गहराई में जाकर खोजबीन की और युवक के शव को बरामद कर लिया।
मृतक की पहचान सूरज सिंह (25 वर्ष) पुत्र माधव सिंह, निवासी पट्टी वौरमला, भौनखाल, जनपद अल्मोड़ा के रूप में हुई है। साथ आए उसके दो साथियों ने बताया कि सूरज सिंह पास के एक होटल में शेफ के रूप में कार्य करता था और नहाते समय अचानक गहरे पानी में डूब गया।
घटना के बाद SDRF टीम ने शव को बाहर निकालकर आवश्यक विधिक कार्रवाई के लिए जिला पुलिस के सुपुर्द कर दिया।रेस्क्यू अभियान में एसआई सुरेंद्र कुमार, रमेश उनियाल, प्रदीप रावत, सुमित नेगी, यशपाल और रवींद्र शामिल रहे।