कलियर दरगाह की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सख्त हुए तहसीलदार विकास अवस्थी

News129:पिरान कलियर पिरान कलियर। दरगाह हजरत साबिर पाक की सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं को लेकर तहसीलदार एवं दरगाह प्रबंधक विकास अवस्थी ने सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने दरगाह अकाउंटेंट सद्दाम अली एवं दरगाह सुपरवाइजर को साथ लेकर दरगाह परिसर के अंदर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया और मौके पर तैनात पीआरडी जवानों व दरगाह कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान तहसीलदार एवं दरगाह प्रबंधक विकास अवस्थी ने स्पष्ट चेतावनी दी कि कोई भी फर्जी खादिम जायरीनों को अपने साथ लेकर दरगाह के अंदर प्रवेश नहीं करेगा। साथ ही दरगाह के अंदर जियारत कराने के नाम पर किसी भी जायरीन से किसी प्रकार की धनराशि लेने की अनुमति नहीं होगी। उन्होंने कहा कि यदि कोई जायरीन अपनी श्रद्धा से धनराशि देना चाहता है तो उसे केवल दरगाह के अधिकृत दान पात्र में ही डाला जाए।उन्होंने ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों और पीआरडी जवानों को भी सख्त हिदायत देते हुए कहा कि अपनी ड्यूटी के दौरान दरगाह परिसर में व्यवस्थाओं पर पूरी निगरानी रखें। यदि कोई फर्जी खादिम किसी जायरीन को लेकर दरगाह के अंदर प्रवेश करता हुआ या जियारत करवाते हुए पाया जाता है तो संबंधित फर्जी खादिम के साथ-साथ उस समय ड्यूटी पर तैनात दरगाह कर्मचारी और पीआरडी जवान की जिम्मेदारी भी तय की जाएगी और नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

तहसीलदार विकास अवस्थी ने कहा कि दरगाह में आने वाले जायरीनों को बेहतर, सुरक्षित और व्यवस्थित माहौल उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। किसी भी व्यक्ति को दरगाह की व्यवस्था का गलत फायदा उठाकर जायरीनों से धनराशि लेने या उन्हें भ्रमित करने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

व्यवस्थाओं को लेकर लगातार सक्रिय नजर आ रहे विकास अवस्थी और सद्दाम अली दरगाह की व्यवस्थाओं को लेकर तहसीलदार एवं दरगाह प्रबंधक विकास अवस्थी लगातार सक्रियता दिखा रहे हैं। वहीं दरगाह अकाउंटेंट सद्दाम अली भी व्यवस्थाओं की निगरानी में लगातार सहयोग करते नजर आ रहे हैं। दोनों अधिकारियों द्वारा दरगाह परिसर की सुरक्षा, जायरीनों की सुविधा और व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने के लिए लगातार निरीक्षण एवं आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं। अधिकारियों की इस सक्रियता से दरगाह में आने वाले जायरीनों को बेहतर और व्यवस्थित व्यवस्था उपलब्ध कराने की दिशा में कदम और मजबूत हुआ है।