News 129 रुड़की।
ढंडेरा में शराब कैंटीन संचालक अमन की हत्या के मामले में पुलिस ने शनिवार देर रात बड़ी कार्रवाई करते हुए मुठभेड़ में एक आरोपी को दबोच लिया। नगला इमरती के पास पुलिस ने बाइक सवार तीन संदिग्धों की घेराबंदी की तो उन्होंने बच निकलने के लिए पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लगी, जबकि उसके दो साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए।घायल बदमाश की पहचान सौरभ पुत्र देशराज निवासी ढंडेरा के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे तत्काल उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया।
पुलिस के मुताबिक, प्रारंभिक पूछताछ में सौरभ ने अमन हत्याकांड में अपनी और अपने दोनों साथियों की भूमिका स्वीकार की है। अब पुलिस फरार दोनों आरोपियों की तलाश में आसपास के जंगल और संदिग्ध ठिकानों पर कांबिंग कर रही है।
हत्या के बाद से पुलिस के रडार पर थे संदिग्ध शुक्रवार देर रात शराब कैंटीन बंद कर बाइक से घर लौट रहे ढंडेरा निवासी अमन पर बाइक सवार बदमाशों ने गोली चला दी थी। गोली लगने से अमन की मौत हो गई थी। वारदात के बाद से ही पुलिस ने हत्यारोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित कर दी थीं। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ संदिग्धों की गतिविधियों की जानकारी जुटानी शुरू कर दी थी।
मुखबिर की सूचना ने पहुंचाया आरोपियों तक शनिवार देर रात पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि अमन हत्याकांड में शामिल संदिग्ध बाइक से नगला इमरती की ओर जा रहे हैं। सूचना मिलते ही सिविल लाइंस कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रदीप बिष्ट के नेतृत्व में पुलिस टीम ने इलाके में घेराबंदी शुरू कर दी। पुलिस के अनुसार, खुद को घिरा देखकर तीनों बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।पुलिस ने भी मोर्चा संभालते हुए जवाबी कार्रवाई की। इसी दौरान सौरभ के पैर में गोली लगी और वह मौके पर गिर पड़ा। उसके दो साथी अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले।
मौके से बाइक समेत सामान बरामद मुठभेड़ के बाद पुलिस ने घायल सौरभ को कब्जे में लिया। मौके से बाइक और अन्य सामान बरामद किए जाने की बात पुलिस ने कही है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए आसपास के इलाके में लगातार कांबिंग अभियान चलाया जा रहा है।पुलिस अब घायल आरोपी से पूछताछ के आधार पर अमन की हत्या की पूरी कड़ी जोड़ने में जुटी है। हत्या की वजह, वारदात की साजिश और फरार दोनों आरोपियों की भूमिका को लेकर भी जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फरार आरोपियों के पकड़े जाने के बाद हत्याकांड से जुड़े कई और अहम तथ्य सामने आने की उम्मीद है।