अतीक साबरी:-पिरान कलियर।
उत्तराखंड पुलिस मुख्यालय द्वारा अपराधियों और असामाजिक तत्वों के विरुद्ध चलाये जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत कोतवाली पिरान कलियर पुलिस ने रविवार को बड़ी कार्यवाही की है।
एसएसपी हरिद्वार के कड़े निर्देशों के अनुपालन में कोतवाली प्रभारी कमल मोहन भंडारी के नेतृत्व में पुलिस ने शांति व्यवस्था भंग करने और सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग करने वालों के खिलाफ शिकंजा कसा है।
पहली घटना बेडपुर गांव की है, जहां एक शादी समारोह के दौरान दावत को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। आपसी रंजिश के चलते गाली-गलौज और मारपीट की नौबत आने पर गांव का माहौल खराब होने लगा। सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्यवाही करते हुए शांति भंग करने के आरोप में दो सगे भाइयों जावेद और मोबिन (पुत्रगण शमीम अहमद) को धारा-170 भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) के तहत गिरफ्तार कर लिया। पुलिस दोनों आरोपियों को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश कर रही है।
वहीं, दूसरी कार्यवाही दरगाह साबिर पाक के आसपास के क्षेत्र में की गई। गश्त के दौरान पुलिस ने सार्वजनिक स्थान पर न्यूसेंस फैलाने और हुड़दंग कर रहे चार युवकों को धर दबोचा। पकड़े गए अभियुक्तों में अभिषेक (महमदूपुर), महफूज (इमाम साहब के पीछे), फिरोज खान और शेर अली (दोनों निवासी पिरान कलियर) शामिल हैं। पुलिस ने इन चारों का
धारा-81 उत्तराखंड पुलिस अधिनियम के तहत चालान किया है।पुलिस टीम: इन कार्यवाहियों में वरिष्ठ उपनिरीक्षक देवेन्द्र सिंह तोमर, हेड कांस्टेबल जमशेद अली, होमगार्ड ललित कुमार और प्रदीप कुमार शामिल रहे।
कोतवाली प्रभारी कमल मोहन भंडारी ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत ऐसी सख्त कार्यवाही आगे भी जारी रहेगी।
