News 129
पिरान कलियर। दरगाह साबिर पाक के 758वें सालाना उर्स के दौरान गंगनहर में स्नान करते समय डूब रहे 10 वर्षीय किशोर जायरीन को 40वीं वाहिनी पीएसी आपदा राहत दल के जवानों ने सकुशल बचा लिया। जवानों की तत्परता से बड़ा हादसा होने से टल गया। बच्चे के सुरक्षित बचने पर परिजनों ने राहत की सांस लेते हुए पीएसी जवानों का आभार जताया।
जानकारी के अनुसार गाजियाबाद के डासना निवासी अजमेर अली का 10 वर्षीय नाबालिग पुत्र चांद अपने परिवार के साथ दरगाह साबिर पाक में जियारत के लिए कलियर आया था। गुरुवार दोपहर परिवार के साथ गंगनहर में स्नान करते समय अचानक उसका पैर फिसल गया और वह तेज बहाव की चपेट में आकर गहरे पानी की ओर बहने लगा।बच्चे के डूबने की सूचना मिलते ही घाट पर तैनात 40वीं वाहिनी पीएसी आपदा राहत दल के जवानों ने बिना समय गंवाए नहर में छलांग लगा दी।
तेज बहाव के बीच जवानों ने कड़ी मशक्कत के बाद बच्चे को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इसके बाद उसे प्राथमिक उपचार देकर सकुशल परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।बच्चे के सकुशल बचने पर परिजनों ने पीएसी जवानों का आभार जताया। वहीं, मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों और जायरीनों ने भी आपदा राहत दल की तत्परता और साहस की सराहना की।
सब इंस्पेक्टर इखलाक मलिक ने बताया कि उर्स मेले के दौरान गंगनहर के प्रमुख घाटों पर गोताखोर और आपदा राहत दल के जवान 24 घंटे तैनात हैं। उन्होंने जायरीनों से अपील की कि वे गहरे पानी में जाने से बचें और स्नान के दौरान बच्चों पर विशेष नजर रखें।