Haridwar Viral News हरिद्वार को बम से उड़ाने की धमकी, पुलिस और खुफिया एजेंसियां अलर्ट

चार दिन से लगातार कॉल कर धमका रहा है कॉलर

खुफिया एजेंसियां हुई सतर्क, मुकदमा दर्ज

Haridwar Viral News धर्मनगरी हरिद्वार में रविवार तड़के उस समय हड़कंप मच गया जब पुलिस कंट्रोल रूम पर कॉल कर शहर में चार दिन के भीतर बम विस्फोट करने की धमकी दी गई। धमकी भरे फोन के बाद पुलिस महकमे के साथ-साथ खुफिया एजेंसियां भी तुरंत सतर्क हो गईं। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार रविवार तड़के डायल 112 के माध्यम से थाना मोबाइल की एमडीटी पर सूचना प्राप्त हुई कि एक व्यक्ति मोबाइल फोन से लगातार कॉल कर अभद्र भाषा का प्रयोग कर रहा है और हरिद्वार को बम से उड़ाने की धमकी दे रहा है। बताया गया कि कॉल करने वाला व्यक्ति पुलिस प्रशासन के अलावा देश और प्रदेश के उच्च पदाधिकारियों के खिलाफ भी आपत्तिजनक टिप्पणियां कर रहा था।

धमकी की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग में अफरा-तफरी मच गई। संवेदनशील धार्मिक नगरी होने के कारण मामले को बेहद गंभीर माना जा रहा है। पुलिस ने तुरंत कॉल डिटेल खंगालनी शुरू कर दी और नंबर की लोकेशन व पहचान जुटाने के प्रयास तेज कर दिए गए।

मामले की जांच रात्रि अधिकारी एएसआई दिनेश कुमार को सौंपी गई है। शुरुआती जांच में पुलिस को कुछ अहम सुराग मिले हैं, जिनके आधार पर आरोपी तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है।

कोतवाली प्रभारी कुंदन सिंह राणा ने बताया कि अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। कॉल करने वाले नंबर की तकनीकी जांच कराई जा रही है और जल्द ही आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जाएगी।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हरिद्वार की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत कर दिया गया है। प्रमुख धार्मिक स्थलों, रेलवे स्टेशन, बस अड्डों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी गई है। साथ ही संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए खुफिया तंत्र को भी सक्रिय कर दिया गया है।

फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि धमकी केवल अफवाह फैलाने के उद्देश्य से दी गई थी या इसके पीछे कोई गंभीर साजिश छिपी है।